बरेली: सैनिक के घर में घुसकर पुलिस ने की तोड़फोड़
बरेली, अमृत विचार। यूं तो पुलिस पर कई बार आरोप लग चुके हैं, लेकिन इस बार पुलिस पर दबंगई करने का आरोप लगा है। यह आरोप एक सैनिक के परिजनों ने लगाया है। सैनिक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके विपक्षी से मिलकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रही है। मना करने …
बरेली, अमृत विचार। यूं तो पुलिस पर कई बार आरोप लग चुके हैं, लेकिन इस बार पुलिस पर दबंगई करने का आरोप लगा है। यह आरोप एक सैनिक के परिजनों ने लगाया है। सैनिक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके विपक्षी से मिलकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रही है। मना करने पर पुलिस ने सैनिक के घर पर दबिश दी और महिलाओं के साथ मारपीट की। इसके साथ ही सैनिक के पिता को भी थाने में पकड़कर ले गए वहां उन्हें पीटा। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
भुता थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव के रहने वाले मोबीन अली पुत्र बुंदा शाह ने बताया कि उनका भाई नुसरत अली शाह सेना में हवलदार के पद पर तैनात है। मौजूदा समय में उनकी तैनाती गुजरात के भुज में है। फरीदपुर निवासी एक युवक से उसका पिता की जमीन का मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि आरोपी युवक भुता पुलिस से सांठगांठ कर पिता को जमीन से बेदखल करना चाह रहा है।
आरोप है कि पांच नवंबर की रात कुआटांडा चौकी के दरोगा दो सिपाहियों के साथ उनके घर में घुए आए। दरवाजा तोड़कर घर में तोडफोड़ शुरू कर दी। उसकी गर्भवती भाभी ने जब तोड़फोड़ करने का विरोध किया तो आरोप है कि पुलिसकर्मी गाली-गलौच करने के बाद मारपीट करने लगे। आरोप है कि उसके पिता को चौकी ले जाकर मारपीट की गई।
उसके बाद जमीन के मुकदमे में समझौता करने का दवाब बनाकर उन्हे थाने ले जाकर छोड़ दिया। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
