बरेली: कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालक को धमकी
बरेली, अमृत विचार। कौशल योजना के सेंटर को चलाने के लिए एक निजी कंपनी ने निजी कॉलेज के कुछ हिस्से को किराए पर लिया। छह माह का किराया भी एडवांस दे दिया। इसके बाद भी एग्रीमेंट की शर्तों को पूरा न करने का विरोध करने पर निजी कॉलेज के कर्मचारियों ने सेंटर हेड से जमकर …
बरेली, अमृत विचार। कौशल योजना के सेंटर को चलाने के लिए एक निजी कंपनी ने निजी कॉलेज के कुछ हिस्से को किराए पर लिया। छह माह का किराया भी एडवांस दे दिया। इसके बाद भी एग्रीमेंट की शर्तों को पूरा न करने का विरोध करने पर निजी कॉलेज के कर्मचारियों ने सेंटर हेड से जमकर मारपीट की। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी लगातार सेंटर हेड को रिपोर्ट वापस न लेने पर मारने व सेंटर न चलाने देने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में की है।
भारत सरकार द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत बरेली में प्रशिक्षण सेंटर संचालित करने की जिम्मेदारी एड्राएट फार्मासुटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दी गई। कंपनी के सेंटर हेड रामवीर सिंह ने बताया कि सेंटर चलाने के लिए उन्होंने रिठौरा के हाफिजगंज स्थित एक निजी कॉलेज के दो ब्लॉक किराये पर लिए थे। कॉलेज के सचिव के साथ किए गए एग्रीमेंट के मुताबिक सेंटर में सेनेट्री, लाइट, पेंटिंग संबंधी कार्य कॉलेज को कराने थे।
उन्होंने बताया कि धनराशि की कमी बताते हुए कॉलेज ने फरवरी से अगस्त 2021 तक का करीब 17 लाख 96 हजार 800 रुपये की राशि एडवांस में कंपनी से ले ली। इसके बावजूद एग्रीमेंट की शर्तों को पूरा नहीं किया। सेंटर हेड ने जब इसका विरोध किया तो 28 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे कॉलेज के सचिव और मैनेजर अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर सेंटर में घुसे और मारपीट शुरू कर दी। बताया कि झगड़े के दौरान वह और उनका बेटा घायल भी हो गया।
सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची लेकिन वहां भी आरोपियों ने पुलिस के सामने ही मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। डीएम के आदेश पर पुलिस ने 2 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज की। आरोप है कि अब आरोपी पक्ष रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाते हुए मारने व सेंटर न चलाने देने की धमकी दे रहे हैं।
