बरेली: मां के इंतज़ार में दुकान पर बैठे युवक की पिटाई, इलाज के बाद मौत, हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। रुपये लेने के लिए मां के इंतज़ार में दुकान के बाहर बैठे युवक की दुकान मालिक और उसके भाइयों ने पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपियों ने सड़क पर फेंक दिया। वहीं इलाज कराकर लौटे युवक की घर पर मौत हो गई। मृतक की मां की ओर से …
बरेली, अमृत विचार। रुपये लेने के लिए मां के इंतज़ार में दुकान के बाहर बैठे युवक की दुकान मालिक और उसके भाइयों ने पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपियों ने सड़क पर फेंक दिया। वहीं इलाज कराकर लौटे युवक की घर पर मौत हो गई। मृतक की मां की ओर से कोतवाली थाने में व्यापारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है।
सुभाष नगर थाना क्षेत्र के तिलक कॉलोनी निवासी पार्वती जंक्शन रोड स्थित एक होटल में साफ-सफाई का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा नरेश (32) नगर निगम में ठेकेदारी पर सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है। 18 नवंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे नरेश घर के सामान के लिए मां से रुपए लेने होटल पहुंचा था लेकिन महिला उस समय तक होटल नहीं पहुंची थी, जिसके चलते नरेश जंक्शन रोड पर ही स्थित पनीर की दुकान के बाहर पड़ी बेंच पर बैठ गया।
महिला के मुताबिक नरेश के बैठने पर व्यापारी ने आपत्ति जताई और उसके साथ गलत व्यवहार करने लगा। नरेश ने जब इसका विरोध किया तो दुकान संचालक और उसके भाइयों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और घायल अवस्था में उसे सड़क पर फेंक दिया।
उसी दौरान वहां पहुंची पार्वती ने घायल बेटे को बेहोशी की हालत में लेकर अस्पताल गयी जहां उसका इलाज चल रहा था। महिला ने बताया कि पिटाई के कारण नरेश ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। शुक्रवार की शाम नरेश की घर पर अचानक मौत हो गई। नरेश की मौत के बाद इलाके में बात फैली तो अपने भतीजे अमरदीप के साथ क्षेत्र के पूर्व पार्षद सुनील कुमार वाल्मीकि पार्वती को लेकर सुभाष नगर थाने और कोतवाली पहुंचे।
पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए महिला ने पनीर व्यापारी और उसके भाइयों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं शव का पंचनामा भरकर सुभाष नगर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, दूसरी तरफ मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
