मुरादाबाद : निगम की जेसीबी ने फ्लाईओवर के नीचे 10 खोखे, 15 झुग्गी-झोपड़ी तोड़ीं, हंगामा
मुरादाबाद,अमृत विचार। सम्भल चौराहे के पास फ्लाईओवर के नीचे अवैध कब्जों पर निगम की जेसीबी गरजी। चेतावनी देने के बाद निगम अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी ने कई खोखे और झुग्गी-झोपड़ियों को हटा दिया। घुमंतू परिवार के लोग यहां कई सालों से अवैध निर्माण में रह रहे थे। निगम की टीम पहुंचते ही लोग हंगामा …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सम्भल चौराहे के पास फ्लाईओवर के नीचे अवैध कब्जों पर निगम की जेसीबी गरजी। चेतावनी देने के बाद निगम अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी ने कई खोखे और झुग्गी-झोपड़ियों को हटा दिया। घुमंतू परिवार के लोग यहां कई सालों से अवैध निर्माण में रह रहे थे।
निगम की टीम पहुंचते ही लोग हंगामा करने लगे। निगम अधिकारियों ने आदेश का हवाला देते हुए सभी को वहां से हटा दिया। चेतावनी दी कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया तो जुर्माना वसूलने के साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। मंगलवार की सुबह नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर सम्भल चौराहे के पास फ्लाईओवर के नीचे पहुंच गई।
लोगों का कहना था कि अगर जेसीबी चलवानी थी तो कुछ दिनों पहले अल्टीमेटम दे दिया जाता, ताकि सामान निकालने में आसानी रहती। एक-एक करके आठ से 10 खोखे और करीब 15 से अधिक झोपड़ियों को तोड़ दिया गया। करीब डेढ़ घंटे चली कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
उद्योग बंधु की बैठक में उठा था मुद्दा
यह मुद्दा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई उद्योग बंधु की बैठक में उठा था। व्यापारियों का कहना था कि महानगर की काफी आबादी डबल फाटक पुल के पास सम्भल चौराहे की ओर रहती है। इस ओर जाने वाला फ्लाईओवर काफी संकरा है, जिस कारण पुल पर अक्सर जाम लगा रहता है। उधर, इसका सीधा असर पुल पार रहने वाली आबादी पर भी पड़ता है। ऐसे में सड़क किनारे हो चुके अतिक्रमण के कारण कई बार जाम विकराल रूप ले लेता है। लिहाजा जाम की समस्या से निजात दिलाने के बाद डीएम ने नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी और बिजली अधिकारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया था।
रिपोर्ट में पुल को चौड़ा करने के साथ ही सड़क किनारे फैले रहने वाले अतिक्रमण को हटवाने की बात कही गई थी। साथ ही सड़क के चौड़ीकरण के लिए बिजली के खंभों के अलावा कुछ भवनों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की राय दी गई थी।
