ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से रोडवेज बस खाई में पलटी, चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल
हरदोई। पाली/हरदोई से दिल्ली जा रही परिवहन निगम की एक बस कटरा बिल्हौर हाईवे पर पाली थाना क्षेत्र के निजामपुर पुलिया के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। जिससे रोडवेज बस खाई में पलट गई। इस दुर्घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर …
हरदोई। पाली/हरदोई से दिल्ली जा रही परिवहन निगम की एक बस कटरा बिल्हौर हाईवे पर पाली थाना क्षेत्र के निजामपुर पुलिया के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। जिससे रोडवेज बस खाई में पलट गई। इस दुर्घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस के अंदर मौजूद यात्रियों को बाहर निकाला। वहीं बस के नीचे दबे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। इस हादसे में बस के चालक और परिचालक को गंभीर चोट आई है। जिन्हें सवायजपुर सीएचसी से हरदोई जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी पाकर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पाली थाना क्षेत्र के रूपापुर इलाके में कटरा-बिल्हौर हाइवे पर निजामपुर पुलिया के पास एक रोडवेज बस को रूपापुर चीनी मिल में गन्ना डालकर वापस जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जिससे रोडवेज बस सड़क के एक ओर खाई में पलट गई। बस के अंदर करीब 56 सवारियां मौजूद थी। इस दुर्घटना से बस के अंदर मौजूद यात्रियों की चीख पुकार मच गई। आसपास के गांव के लोग आनन फानन घटनास्थल पर पहुंचे, और बस के यात्रियों को बाहर निकाला। वहीं रूपापुर चौकी पुलिस के साथ ही पाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पढ़ें- रायबरेली: गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते से हटाए जाएंगे बिजली के खंभे और तार
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। इन यात्रियों में से कुछ को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। वहीं बस के नीचे दबे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। चालक अरविंद कुमार निवासी बावन चुंगी हरदोई और परिचालक भानु प्रताप सिंह निवासी शिवपुरी थाना बेनीगंज हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सवायजपुर सीएचसी से हरदोई जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रुपापुर चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार दुबे ने बताया कि बस के अधिकांश यात्री अपने घरों को लौट गए, जबकि कुछ एक दूसरे वाहन से गंतव्य तक रवाना हुए। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है, वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
