लखीमपुर खीरी: संदिग्ध हालात में युवक को लगी गोली, स्कूल के पास मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली की पुलिस चौकी महेवागंज क्षेत्र के गांव त्रिकोलिया में एक युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। उसका शव गांव के निकट एक गन्ने के खेत के सुबह पड़ा देखा गया। शव के पास ही तमंचा व एक कारतूस पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली की पुलिस चौकी महेवागंज क्षेत्र के गांव त्रिकोलिया में एक युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। उसका शव गांव के निकट एक गन्ने के खेत के सुबह पड़ा देखा गया। शव के पास ही तमंचा व एक कारतूस पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मृतक के परिवारीजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता ने एक युवक को नामजद कर पुलिस को तहरीर दी है।

गांव त्रिकोलिया निवासी राकेश ने बताया कि पुत्र आकाश (23) बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे घर से मोबाइल फोन खरीदने जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजन परेशान हो उठे और तलाश शुरू की। रिश्तेदारियों और दोस्तों से भी पता किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के किनारे गन्ने के खेत में उसकी बाइक पड़ी देखी। लोग जब मौके पर पहुंचे तो देखा शव आकाश का था। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। खबर मिलने पर रोते-विलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देख परिवार में चीखपुकार मच गई।

मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उधर हत्या की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव के पास 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने तमंचा व कारतूस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। उधर मृतक के पिता ने बताया कि आकाश की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले गांव निवासी एक व्यक्ति ने मृतक की पत्नी को मोबाइल पर कॉल की थी और पति आकाश की हत्या करने की धमकी दी थी। तब उन्हें इस बात की जानकारी हुई थी कि आकाश का गांव की ही किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

उन्होंने प्रेम प्रसंग में ही हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रेमिका के पिता को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। चौकी इंचार्ज विपिन कुमार ने बताया तहरीर मिली है। गांव के एक व्यक्ति को मृतक के पिता ने नामजद किया है। मामला संदिग्ध लग रहा है, जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

शव के पास तमंचा व कारतूस मिलने से उठे कई सवाल
गांव त्रिकोलिया निवासी आकाश के शव के पास तमंचा व कारतूस मिलने से कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है हत्या के बाद कोई तमंचा और कारतूस क्यों मौके पर डाल देगा। वह असलहे को साथ ले जाता। तमंचा व कारतूस शव के पास ही पड़ा था। गोली चलने की आवाज भी लोगों को सुनाई नहीं पड़ी है, जबकि कुछ ही दूरी पर गांव है। तमंचा व कारतूस मिलने से पुलिस भी पशोपेश में है। सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बहुत कुछ साफ हो जाएगा।

संबंधित समाचार