रामपुर : सौलत लाइब्रेरी के अध्यक्ष बने डॉ. महमूद अली खां
रामपुर। सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद का ताज डॉ. महमूद अली खां के सिर सज गया है। जबकि, नारिस अली खां अलीग दूसरे पायदान पर रहे और सुहाना बेगम का खाता भी नहीं खुला। दोपहर से मतदाताओं में जोश भरा और ईस्ट वेस्ट स्कूल में मतदाताओं की मतदान के लिए लंबी कतार लग गयी। …
रामपुर। सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद का ताज डॉ. महमूद अली खां के सिर सज गया है। जबकि, नारिस अली खां अलीग दूसरे पायदान पर रहे और सुहाना बेगम का खाता भी नहीं खुला। दोपहर से मतदाताओं में जोश भरा और ईस्ट वेस्ट स्कूल में मतदाताओं की मतदान के लिए लंबी कतार लग गयी। रविवार को दोपहर तक 929 कुल वोटों के सापेक्ष 277 वोट पड़े। जबकि, शाम चार बजे तक कुल 618 वोट पड़े।
लाइब्रेरी के अध्यक्ष शौकत अली खां के निधन के बाद खाली हुई सीट के रविवार को मतदान हुआ अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इस बार चुनाव परिणाम चौकाने वाले रहे। हालांकि, मुकाबला त्रिकोणीय रहा लेकिन, सात प्रत्याशियों में सुहाना बेगम को अपना वोट भी नहीं मिला। जबकि, जीशान मुराद को एक वोट से ही सब्र करना पड़ा। नासिर अली अलीग पिछले चुनाव में भी दूसरे पायदान पर रहे थे और इस बार भी दूसरे पायदान पर रहे। नासिर खां अलीग को इस बार 185 वोट मिले और इनके बाद सैयद मजहर उल हक को 159 वोट मिले।
सौलत पब्लिक लाइब्रेरी का चुनाव जीतने के लिए पिछले करीब एक माह से प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। डोर टू डोर पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। डा. महमूद अली खां भी वोट मांगने के लिए मतदाताओं के घरों पर पहुंचे थे और इसका उन्हें लाभ भी मिला। डा. महमूद अली खां के सिर लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद का ताज सज गया है।
पूर्व मंत्री नवेद मियां ने भी किया पहली बार लाइब्रेरी के चुनाव में मतदान
पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने भी सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद के लिए मतदान किया। नवेद मियां ने बताया कि उन्होंने पहली बार लाइब्रेरी के चुनाव में पहुंचकर मतदान किया है। नवेद मियां काफी देर ईस्ट वेस्ट पब्लिक स्कूल में रुके और लोगों से बातचीत करते रहे।
सुहाना बेगम का नहीं खुला खाता
सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरी सुहाना बेगम का खाता नहीं खुला। जीशान मुराद ने बताया कि उन्होंने चुनाव से विदड्रा कर लिया था।
जीशान मुराद को मिला महज एक वोट
अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे पत्रकार जीशान मुराद को महज एक वोट पर संतोष करना पड़ा। हालांकि, उनका दावा था कि वह चुनाव में राजनीति को हावी नहीं होना देना चाहते थे और लोगों के चेहरे पर पड़ी नकाब को उतारने के लिए चुनाव मैदान में डटे हुए थे। कहा कि उन्हें उनकी पत्नी ने भी वोट नहीं दिया है।
तीन वोट हुए निरस्त, एक बैलेट पेपर कोई ले गया
अध्यक्ष पद के चुनाव में सात प्रत्याशियों के लिए 929 वोटों के सापेक्ष 618 वोट पड़े। मतगणना के दौरान तीन वोट निरस्त हो गए जबकि, एक मतपत्र को मतदान पेटी में नहीं डाला गया।
लाइब्रेरी में बैठूंगा हर दिन सुबह एक घंटा
सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद का चुनाव जीते डा. महमूद अली खां ने बताया कि वह सौलत पब्लिक लाइब्रेरी में हर दिन सुबह एक घंटे बैठेंगे इसके अलावा कहा कि वह अपनी मुशावरती कमेटी भी बनाउंगा। कहा कि लाइब्रेरी को हाईटेक बनाया जाएगा। कीमती पांडुलिपियों का डिजिटलाइजेशन होगा इसके अलावा लाइब्रेरी में स्कालर भी आएं इसके लिए पूरी तरह से प्रयास किए जाएंगे।
सौलत पब्लिक लाइब्रेरी का चुनाव शांति पूर्ण तरीके से हुआ है। मतगणना के दौरान तीन वोट निरस्त हो गए और एक मतपत्र मतदान पेटिका में नहीं डाला गया। लाइब्रेरी के अध्यक्ष पद का चुनाव डा. महमूद अली खां 21 वोट से जीत गए हैं।-खलील अहमद खां, चुनाव अधिकारी
————————
सौलत पब्लिक लाइब्रेरी का यह रहा परिणाम
नाम प्रत्याशी- मिले वोट
1.जीशान मुराद- 01
2. सुहाना- 00
3 .सय्यद कैसर अली मिया- 47
4. सय्यद मजहर उल हक- 159
5.डा. महमूद अली खां- 206
6. नासिर खान अलीग- 185
7.नाजिम अली खा ठेकेदार- 16
