लखनऊ: पुलिस ने मो. शोएब हत्याकांड का किया खुलासा, बताई हत्या की वजह
लखनऊ। पिछले 14 दिनों से लापता चल रहे कैसरबाग के खंदारी बाजार निवासी मो. शोएब का शव पुलिस ने बरामद किया है। इसके साथ ही उसकी हत्या की गुत्थी को भी सुलझा लिया गया है। दरअसल मो. शोएब ब्याज पर पैसे देने का काम करता था और यह पेशा उसकी मौत का कारण बन गया। …
लखनऊ। पिछले 14 दिनों से लापता चल रहे कैसरबाग के खंदारी बाजार निवासी मो. शोएब का शव पुलिस ने बरामद किया है। इसके साथ ही उसकी हत्या की गुत्थी को भी सुलझा लिया गया है। दरअसल मो. शोएब ब्याज पर पैसे देने का काम करता था और यह पेशा उसकी मौत का कारण बन गया। पुलिस ने उसके हत्यारों हसनगंज के खदरा निवासी नसीम अहमद उर्फ राजा, सनौसी बाबा की मजार के समीप रहने वाले शोएब खान, मक्कागंज निवासी मो. अकील व सीतापुर के बिसवां थाना क्षेत्र निवासी शादाब को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की ओर से बताया गया कि मो. शोएब के छोटे भाई हमजा खान ने गत 15 को मो. शोएब की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान क्राइम सेल मो. शोएब की लास्ट लोकेशन खदरा की मिली, वहीं कॉल डिटेल में अंतिम कॉल खदरा निवासी नसीम की मिली। पुलिस ने नसीम को गिरफ्त में लेकर पूछताछ की तो हत्या के मामले का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों में से नसीम ने बताया कि मो. शोएब ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। उसने मो. शोएब से करीब 20 लाख रुपये ब्याज पर ले रखे थे। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह ब्याज देने में असक्षम था। इसी दौरान उसकी मुलाकात शादाब टोपी से हुई, उसने भी मो. शोएब से नौ लाख रुपये ब्याज पर ले रखे थे और ब्याज चुकाने के कारण परेशान था। नसीम ने बताया कि मो. शोएब दबंग व्यक्ति था और ब्याज समय पर न चुकाने पर काफी बेइज्जत करता था व अपने छोटे भाई हमजा के वकील होने की धौंस दिखाकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देता था। इसलिए उसने और शादाब टोपी ने मो. शोएब की हत्या की योजना बनाई।
इसके लिए उन्होंने मो अकील को 50 हजार रुपये में उसकी हत्या की सुपारी दी। 14 दिसंबर को जब मो. शोएब ब्याज के पैसे लेने पहुंचा तो वे उसे अपने गोदाम में ले गया, जहां सिर पर लोहे की रॉड से अनगिनत वार करके जान से मार दिया। इसके बाद शादाब को 5 हजार रुपये देकर उसकी किराये की कार से मो. शोएब के शव को सीतापुर के सरैया पुल ले जाकर शारदा नहर में फेंक दिया। पुलिस ने चारों हत्यारों का गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: दिनदहाड़े लूट करने वाले गिरोह को पुलिस ने किया गिरफ्तार
