बदायूं: लिफ्ट देकर मजदूरों से लूट, लूटने के बाद चलती गाड़ी से फेंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलापुर, अमृत विचार। हरियाणा से लौटे दो मजदूरों को लिफ्ट देकर लूट लिया गया। शहर के व्यस्त चौराहा भामाशाह चौक पर अलापुर ले जाने के बहानी लिफ्ट दी गई और रास्ते में मारपीट करके लूट की और उनौला पेट्रोल पंप के पास दोनों मजदूरों को छोड़कर बदमाश फरार हो गए। थाना अलापुर पुलिस ने चार …

अलापुर, अमृत विचार। हरियाणा से लौटे दो मजदूरों को लिफ्ट देकर लूट लिया गया। शहर के व्यस्त चौराहा भामाशाह चौक पर अलापुर ले जाने के बहानी लिफ्ट दी गई और रास्ते में मारपीट करके लूट की और उनौला पेट्रोल पंप के पास दोनों मजदूरों को छोड़कर बदमाश फरार हो गए। थाना अलापुर पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

थाना अलापुर क्षेत्र के गांव दियोरारा निवासी अनिल पुत्र सोनपाल और इसी गांव के देवेंद्र पुत्र रूम सिंह हरियाणा में मजदूरी करते हैं। शनिवार देर शाम बस से उतरने के बाद थाना सिविल लाइन क्षेत्र के भामाशाह चौक पर अलापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। रात लगभग 12 बजे सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो उनके पास आई। जिस पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा और शीशे पर क्षेत्र पंचायत लिखा हुआ था। गाड़ी में सवार लोगों ने उनसे पूछा कि कहां जाना है।

अनिल व देवेंद्र ने अलापुर जाने की बात कही तो उन्होंने कहा आओ बैठ जाए, हम भी अलापुर की साइड ही जा रहे हैं। दोनों युवक गाड़ी में बैठ गए। शहर से बाहर निकलने पर गाड़ी थाना अलापुर क्षेत्र में पहुंची तो गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। और उनके जेब व बैग की तलाशी लेने लगे। अनिल के पास से 1100 रुपये, आधार कार्ड और देवेंद्र के पास से 1700 रुपये, आधार कार्ड व अन्य सामान लूट लिया।

लूट करने के बाद बदमाशों ने गांव इस्लामगंज के पास सड़क किनारे दोनों को चलती गाड़ी से धक्का देकर बाहर फेंक दिया और भाग गए। दोनों पीड़ितों ने रात में ही थाने पहुंचे और तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना पुलिस और स्वॉट टीम मामले की जांच कर रही हैं।

जांच के लिए घटना का नहीं हो रहा खुलासा
लूटपाट की घटना इससे जुदा लग रही है। सूत्रों के अनुसार लिफ्ट देकर दोनों मजदूरों को गाड़ी में बैठाया गया था। रास्ते में मारपीट के दौरान युवक ने शीशे के बाहर इशारा कर दिया। जो पीछे आ रही डायल 112 के सिपाहियों ने देख लिया और थाना अलापुर पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस ने रास्ते पर ट्रक खड़ा कराकर गाड़ी को रोककर आरोपियों को पकड़ लिया है।

स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है लेकिन बदमाशों के साथियों की तलाश की वजह से खुलासा नहीं कर रही है। पुलिस ने अन्य बदमाशों को भी ट्रेस कर लिया है। मामला चाहें जो भी हो। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर देगी।

पीड़ितों ने घटना की तहरीर दी है। जिसके आधार पर चार अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की जांच की जा रही है। बदमाशों को ट्रेस किया जा चुका है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी करके खुलासा किया जाएगा। – संजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष।

संबंधित समाचार