बरेली: सपा नेता हैं व्यस्त, सहयोगी दल के नेताओं से मिलने का नहीं समय

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के नेता व्यस्त हैं। वे इतने व्यस्त हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठबंधन दलों के साथ होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए भी वक्त नहीं निकाल पा रहे हैं। बीते रविवार को पार्टी कार्यालय पर गठबंधन दल के नेताओं के साथ बैठक हुई थी। …

बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के नेता व्यस्त हैं। वे इतने व्यस्त हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठबंधन दलों के साथ होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए भी वक्त नहीं निकाल पा रहे हैं। बीते रविवार को पार्टी कार्यालय पर गठबंधन दल के नेताओं के साथ बैठक हुई थी। इसमें गठबंधन दल के प्रमुख नेता शामिल हुए लेकिन समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेता बैठक में शामिल नहीं हो पाए। गठबंधन दल के नेताओं में इस बात की चर्चा दूसरे दिन रही कि जब प्रमुख नेता गठबंधन दल के लोगों से मिलेंगे नहीं तो चुनाव में भाजपा के खिलाफ कैसे माहौल तैयार हो सकेगा।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष के हस्ताक्षर से जारी पत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश का हवाला देते हुए कहा गया था कि सत्तारूढ़ भाजपा को पराजित करने के लिए सपा से गठबंधन वाले दलों के नेताओं के साथ बैठक कर उनसे परस्पर सहयोग सुदृढ़ किया जाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस निर्देश का जिला और महानगर संगठन ने पालन करते हुए सभी पूर्व विधायक, विधानसभा अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य नगर निगम पार्षद, टिकट के दावेदारों को काफी पहले ही सूचना दे दी थी।

संगठन ने अपेक्षा की थी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से ही काफी लोग हो जाएंगे इसलिए बैठक में गठबंधन दल के प्रमुख नेताओं से ही आने का आग्रह किया गया था। लेकिन बैठक शुरू हुई तो सपा के कई कद्दावर नेता नहीं दिखाई दिए। बैठक समाप्त होने तक कुछ लोग तो दिखाई दिए लेकिन कई पूर्व विधायक अंत तक शामिल नहीं हो पाए। गठबंधन दल के नेताओं ने बताया कि चुनाव से पूर्व सपा और गठबंधन दल के नेताओं के बीच परिचय और सांमजस्य बनाने के लिए बैठक महत्वपूर्ण थी लेकिन सपा के कद्दावर नेता पूर्व विधायक इस्लाम साबिर, शहजिल इस्लाम, भगवत सरन गंगवार, सुल्तान बेग, महिपाल सिंह यादव,शामिल नहीं थे। विधानसभाओं के अध्यक्ष, पार्षद और पदाधिकारी भी नहीं आए।

वर्जन–
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अगम मौर्य से बात की तो उन्होंने बताया कि मीडिया को ही गुटबाजी दिखाई देती है। पार्टी में एकजुटता के अभाव की बात को नकारते हुए उन्होंने कहा कि सभी पूर्व विधायकों पदाधिकारियों, विधानसभा अध्यक्ष,पार्षदों को समय पर सूचना दे दी थी। अब लोग क्यों नहीं आए। ये बात उन्हीं से पता करिए। उन्होंने दावा किया ज्यादातर लोग मौजूद थे।

पूर्व विधायक महिपाल सिंह ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम की सूचना थी लेकिन वह शहर से बाहर थे। यह बात उन्होंने जिलाध्यक्ष को उसी समय बता दी थी। वे सोमवार को रात तक बरेली लौटेंगे।

पूर्व विधायक सुल्तान बेग ने भी माना कि उन्हें कार्यक्रम की सूचना थी। उन्होंने भी जिलाध्यक्ष को बताया दिया था कि 7 जनवरी को पिछड़ा वर्ग सम्मेलन की तैयारी में जनसंपर्क और बैठक में व्यस्त हूं। उन्होंने ही बताया कि पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार भी सम्मेलन और चुनाव की तैयारियों में व्यस्त थे। इसलिए बैठक में शामिल नहीं हो सके। सुल्तान बेग ने बताया कि वे पार्टी की बैठकों में शामिल होते रहे हैं।

संबंधित समाचार