बरेली: 50 साल पुराना पुस्तकालय ध्वस्त, अब बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नॉवल्टी चौराहे के पास स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने नगर निगम के पुस्तकालय को ध्वस्त किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस पुस्तकालय का करीब 70 लाख रुपये से कायाकल्प कर उसे डिजिटल लाइब्रेरी के तौर पर विकसित किया जाएगा। एक फर्म को काम देकर इसका निर्माण कार्य भी …

बरेली, अमृत विचार। नॉवल्टी चौराहे के पास स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने नगर निगम के पुस्तकालय को ध्वस्त किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस पुस्तकालय का करीब 70 लाख रुपये से कायाकल्प कर उसे डिजिटल लाइब्रेरी के तौर पर विकसित किया जाएगा। एक फर्म को काम देकर इसका निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी पूरी तरह कप्यूटराइज्ड होगी। इसमें करीब एक लाख किताबों को अपलोड किया जाएगा, ताकि पाठक ऑनलाइन भी इस लाइब्रेरी का फायदा उठा सकें।

वर्ष 1972 में नॉवल्टी चौराहे के पास नगर निगम ने अपने भवन के एक हिस्से में पुस्तकालय का निर्माण कराया था ताकि शहर के युवा पुस्तकालय में अपने रुचि अनुसार किताबों को पढ़ सकें। पुस्तकालय निगम के भवन में संचालित हो रहा था, इसलिए इसके देखरेख की जिम्मेदारी भी निगम की ही थी लेकिन देखरेख के अभाव में शहर के सबसे पुराने पुस्तकालय की हालत दिनों-दिन जर्जर हो रही थी। यह खंडहर में तब्दील होता जा रहा था। निगम का ध्यान भी इस ओर आकर्षित नहीं हुआ।

इसका नतीजा यह रहा कि पुस्तकालय में संग्रहित करीब 350 पुस्तकों में दीमक लग गई और छत की सीलिंग भी धीरे-धीरे कर गिरने लगी। इससे यह पुस्तकालय किसी खंडहर से कम नजर नहीं आ रही थी। किसी हादसे की आशंका को देखते हुए यह लाइब्रेरी काफी समय से बंद पड़ी थी। इससे शहर के तमाम पाठकों को भी ठसका लाभ नहीं मिल पा रहा था।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 70 लाख रुपये से एक फर्म को इस लाइब्रेरी के कायाकल्प का ठेका दिया गया है। पुरानी लाइब्रेरी को तोड़कर इसका नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस डिजिटल लाइब्रेरी में करीब एक लाख किताबों को ऑनलाइन किया जाएगा। नई लाइब्रेरी बनने से पुरानी किताबें भी संरक्षित हो सकेंगी।

छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगी लाइब्रेरी
नगर निगम की यह इकलौती लाइब्रेरी काफी समय बंद थी और इसका रखरखाव नहीं हो पा रहा था। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्वीकृत लाइब्रेरी के कायाकल्प के काम को पूरा करने के लिए छह महीने का वक्त दिया गया है। निर्माणदायी संस्था को यह काम समयबद्ध पूरा करने के कड़े निर्देश हैं, ताकि जनता को इसका जल्द लाभ मिल सके।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पुरानी लाइब्रेरी को तोड़कर नए सिरे से निर्माण कर उसे डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का काम चल रहा है। इस प्रोजेक्ट को छह महीने के अंदर पूरा किया जाना है। -बीके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार