बरेली: बिना पंजीकरण चल रहा था विनय अस्पताल
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शेरगढ़ स्थित विनय अस्पताल में छापा मारा तो यहां न तो डॉक्टर मौजूद था और न ही अन्य स्टाफ। जांच करने पर पता चला कि अस्पताल का विभाग में पंजीकरण तक नहीं हुआ है। वहीं यहां मौजूद शंकर नाम के युवक से जब डॉक्टर और …
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शेरगढ़ स्थित विनय अस्पताल में छापा मारा तो यहां न तो डॉक्टर मौजूद था और न ही अन्य स्टाफ। जांच करने पर पता चला कि अस्पताल का विभाग में पंजीकरण तक नहीं हुआ है। वहीं यहां मौजूद शंकर नाम के युवक से जब डॉक्टर और अन्य मेडिकल दस्तावेज संबंधित जानकारी ली तो वह कुछ नहीं दिखा सका।
टीम में एसीएमओ प्रशासन डॉ. हरपाल सिंह और महेंद्र यादव शामिल रहे। विनय अस्पताल के बाद टीम शेरगड़-बहेड़ी रोड स्थित कस्बा वासुधरन पहुंची। बीते दिनों एक युवक ने यहां संचालित तुलसी नर्सिंग होम की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। टीम को यहां कोई नर्सिंग होम नहीं मिला बस एक कमरा था जो कि खाली था। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि करीब छह माह पहले एक महिला यहां नर्सिंग होम चलाती थी लेकिन लंबे समय से यहां नहीं आई है।
इस संबंध में एसीएमओ प्रशासन डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि विनय अस्पताल का पंजीकरण नहीं था। वहीं यहां मौजूद युवक अस्पताल संचालन और डॉक्टर की मेडिकल डिग्री संबंधी दस्तावेज भी नहीं दिखा सका। प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, कमी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
