मुरादाबाद : 60 लाख रुपये के आभूषणों के साथ लापता नौकर का सुराग नहीं
मुरादाबाद, अमृत विचार। छह दिन पूर्व आभूषण के थोक व्यापारी का 60 लाख रुपये का सोना-चांदी लेकर गायब हुए नौकर का कोतवाली पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। इस दौरान उसने अपने मामा को फोन करके खुद के नेपाल में होने की बात कही थी। उसने मामा को बताया था कि वह लूट का शिकार …
मुरादाबाद, अमृत विचार। छह दिन पूर्व आभूषण के थोक व्यापारी का 60 लाख रुपये का सोना-चांदी लेकर गायब हुए नौकर का कोतवाली पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। इस दौरान उसने अपने मामा को फोन करके खुद के नेपाल में होने की बात कही थी। उसने मामा को बताया था कि वह लूट का शिकार हो गया है। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि उसकी तलाश जारी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौक साहू स्ट्रीट निवासी उपेंद्र अग्रवाल व पल्लव सिंघल की मैसर्स फूल कुमार आनमिन्ट हाउस के नाम से सोने-चांदी का थोक कारोबार करते हैं। इनके कर्मी अलग-अलग कस्बों व शहरों में सोने-चांदी लेकर व्यापारियों को बेचते हैं। कटघर कोतवाली क्षेत्र के गोविंद नगर लंका बाग निवासी सुधीर वर्मा भी कई वर्षों से उनके यहां काम करता है।
छह जनवरी को सुधीर वर्मा 704 ग्राम सोने के आभूषण, 500 ग्राम सोना व डेढ़ किलोग्राम चांदी लेकर संभल गया था। इसके बाद वह गायब हो गया। उन्होंने संभल के व्यापारियों से संपर्क किया, मगर वह संभल नहीं पहुंचा। उन्होंने अपने स्तर से जांच की, लेकिन सुधीर के बारे में पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने सुधीर की मां तारा देवी व बहन मनीषा वर्मा को फोन करके उसके पिता मन बहादुर वर्मा को सूचना दी। जानकारी मिलते सुधीर के माता-पिता व बहन उनके घर आ गए। उन्होंने भी सुधीर को सभी जगह तलाश की, मगर उसका पता नहीं चल सका।
तब उन्होंने सात जनवरी को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कोतवाली पुलिस तभी से सुधीर की तलाश में जुटी है। बुधवार को इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि सुधीर की नेपाल में होने की जानकारी हुई थी। मगर, फिलहाल उसका सुराग नहीं मिला है। तलाश की जा रही है।
