नानकमत्ता: घास काटने गई महिला को तेंदुए ने बनाया निवाला
नानकमता, अमृत विचार। घास काटने जंगल गई महिला को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर वन कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की …
नानकमता, अमृत विचार। घास काटने जंगल गई महिला को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर वन कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग ने जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने का आश्वासन दिया है। बता दें कि तेंदुआ क्षेत्र में अब तक चार लोगों की जान ले चुका है।
शनिवार को तराई पूर्वी वन प्रभाग रनसाली रेंज की बीट सरौजा के जंगल मे ध्यानपुर गांव की महिलाएं मवेशियों के लिये घास लेने गई थीं। महिलाऐ रोड से कुछ ही दूरी पर पेड से पत्ता काट रही थी।
आरती चंद (28) पत्नी राम चंद मूल निवासी बलतणी झूलाघाट (पिथौरागढ़) हाल निवासी गांव ध्यानपुर नानकमता शनिवार को गांव की महिलाओं शीला देवी, बसंती देवी, रूमनी देवी, कवीता देवी आदि के साथ तराई पूर्वी वन प्रभाग रनसाली रेंज की बीट सरौजा के जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गई थी। बताया जाता है कि अन्य महिलाएं सड़क से कुछ दूरी पर पेड़ से पत्ते काट रही थीं जबकि आरती चंद सड़क से थोड़ा भीतर जंगल की ओर घास काट रही थी।
इसी दौरान वहां घात लगाए तेंदुए ने आरती पर हमला कर दिया। साथ गई महिलाओं ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाने की कोशिश की। इस पर तेंदुए ने आरती को तो छोड़ दिया लेकिन गांव की महिलाओं के साथ एक एक कुत्ते को उठा ले गया। तेंदुए के जंगल में भागने के बाद डरी सहमी महिलाएं किसी तरह हिम्मत जुटाकर घायल आरती के पास पहुंचीं लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। घटना की जानकारी जैसे ही गांव वालों को लगी तो मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार धौलाखंडी, एसडीओ शिवराज चंद और एसआई शंकर सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग अधिकारियों का घेराव किया। प्रधान संघ के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर ने कहा कि तेंदुआ क्षेत्र में अब तक चार लोगों की जान ले चुका है। हर बार वन विभाग मृतक के परिजनों को मुआवजा देकर इतिश्री कर लेता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग तेंदुए को आदमखोर घोषित कर उसे मार दे या पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़कर और कहीं और घने जंगल में ले जाकर छोड़े। इसके अलावा सड़क किनारे लगी झाड़ियों की सफाई कराए। इधर, पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा। मृतका का पति राम चंद संभल (मुरादाबाद) में काम करता है। आरती के आठ वर्ष और चार वर्ष के दो बेटे हैं। आरती की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस मौके पर सीओ भूपेंदर, विधायक प्रेम सिंह राणा, पूर्व विधायक गोपाल सिंह राणा, आनंद सिंह राणा, प्रधान सुखविंदर सिंह, वीर सिंह, सुरजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।
