मुरादाबाद : दहेज में कार नहीं मिलने पर किया उत्पीड़न, पीड़िता ने एसएसपी से की शिकायत
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला ने दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने एसएचओ कांठ को जांच कर सात दिनों में रिपोर्ट मांगी है। कांठ थानाक्षेत्र के गांव डहरा निवासी अनीता के अनुसार उसका विवाह 10 फरवरी 2019 को …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला ने दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने एसएचओ कांठ को जांच कर सात दिनों में रिपोर्ट मांगी है।
कांठ थानाक्षेत्र के गांव डहरा निवासी अनीता के अनुसार उसका विवाह 10 फरवरी 2019 को बिजनौर के धामपुर थानाक्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। पिता ने शादी में 15 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बाद भी ससुराल वाले खुश नहीं थे। पति, सास-ससुर, ननद-ननदोई आदि कार या छह लाख रुपये मांगने लगे। पीड़िता ने उनकी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो आरोपी मारपीट करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति निजी बैंक में नौकरी करता है। वहां किसी महिला से अनैतिक संबंध हैं। आरोप है कि 19 अप्रैल को उसे पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पिता को बुलाया। उन्होंने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, मगर वह मांग पर अड़े रहे। आठ जनवरी को पति के गांव के प्रधान ने दोनों पक्षों को बुलाया, मगर बात नहीं बनी। आरोप है कि नौ जनवरी की शाम पांच बजे पति, सास-ससुर, ननद-ननदोई उसके घर आए।
तब पिता ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस पर गुस्साए पति ने माता-पिता के सामने उससे मारपीट शुरू कर दी। हत्या की भी धमकी दी। पीड़िता ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। एसएसपी बबलू कुमार ने इंस्पेक्टर कांठ को सात दिनों में जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
