अब मेहंदी ही नहीं नथ भी पिया के नाम की
अब तक शादी में दुल्हन पिया के नाम की मेहंदी सजाया करती थीं, लेकिन फैशन के इस दौर में अब पिया के नाम की नथ का भी ट्रेंड शुरू हो गया है। जी हां मॉर्डन दुल्हनिया अब डिजाइनर नथ पर अपने दूल्हे का नाम लिखवा रही हैं। इसके लिए खास तौर पर ज्वैलरी स्टोर से …
अब तक शादी में दुल्हन पिया के नाम की मेहंदी सजाया करती थीं, लेकिन फैशन के इस दौर में अब पिया के नाम की नथ का भी ट्रेंड शुरू हो गया है। जी हां मॉर्डन दुल्हनिया अब डिजाइनर नथ पर अपने दूल्हे का नाम लिखवा रही हैं। इसके लिए खास तौर पर ज्वैलरी स्टोर से ऑनलाइन ऑर्डर देकर इसे बनवाया जा रहा है। ऑनलाइन सेल स्टोर पर यह काफी पॉपुलर हो रही हैं।
शादी का सीजन एक बार फिर शुरू हो चुका है। शादी जैसे खास दिन के लिए दुल्हन अपने लुक को लेकर काफी सजग रहती हैं, जिससे वह सबसे अलग और खूबसूरत लगें। लहंगे से लेकर ज्वैलरी तक के चुनाव को लेकर वह उत्साहित रहती हैं। ज्वैलरी की बात करें तो नेकलेस, ईयररिंग्स के साथ ही नथ भी दुल्हन के श्रृंगार में चार चांद लगाती है। इसलिए इसका चुनाव भी फैशन, ट्रेंड, मैचिंग को ध्यान में रखकर किया जाता है। ऐसे में यह नाम लिखी नथ अपने यूनिकनेस के चलते दुल्हनों को काफी भा रही हैं। यहां तक की अपनी वैडिंग में इस नथ को पहनने वाली दुल्हन फोटोशूट के दौरान भी नथ के फोकस का काफी ख्याल रख रही हैं।
दो हजार की रेंज में पाएं परफेक्ट लुक
वैसे तो साधारण नथ 500 से हजार रुपए की रेंज में उपलब्ध हो जाती हैं। मगर यह खास तरीके की नाम लिखी नथ दो हजार से तीन हजार की रेंज में मिल रही है। नग, पर्ल, गोल्ड प्लेटेड लुक में अलग-अलग रंगों में उपलब्ध यह नथ काफी आकर्षक और परफेक्ट लुक दे रही है।
सोलह श्रृंगार की निशानी
हिंदू धर्म में शादीशुदा महिलाओं के लिए सोलह श्रृंगार का बहुत महत्व है। माथे पर मांगटीका से लेकर पांव की बिछिया तक और हाथों की चूड़ियों से लेकर नाक की नथ तक सभी चीजें सोलह श्रृंगार में शामिल होती हैं। नाक में नथ को विवाहित महिलाओं के सौभाग्य की निशानी माना जाता है। इससे किसी महिला के सुहागिन होने का पता चलता है। ऐसे में दुल्हनों के लिए नथ काफी मायने रखती है और जब इसका लुक कुछ हटके तो क्या ही कहने…
