बहराइच: भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं पच रहा गठबंधन प्रत्याशी, प्रत्याशी न बदले जाने पर दी इस्तीफा की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। भाजपा और अपना दल एस ने नानपारा विधानसभा से गठबंधन का प्रत्याशी रामनिवास वर्मा को बनाया है। इसको लेकर शुरू से भाजपा कार्यकर्ता नाराज थे, लेकिन शनिवार को सभी मुखर हो गए। प्रत्याशी न बदले जाने पर इस्तीफा तक की धमकी दे दी। विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा और अपना दल ने गठबंधन …

बहराइच। भाजपा और अपना दल एस ने नानपारा विधानसभा से गठबंधन का प्रत्याशी रामनिवास वर्मा को बनाया है। इसको लेकर शुरू से भाजपा कार्यकर्ता नाराज थे, लेकिन शनिवार को सभी मुखर हो गए। प्रत्याशी न बदले जाने पर इस्तीफा तक की धमकी दे दी।

विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा और अपना दल ने गठबंधन किया है। गठबंधन के चलते बहराइच जिले की नानपारा विधान सभा का टिकट अपना दल के प्रत्याशी राम निवास वर्मा को मिला है। तीन दिन पूर्व अपना दल एस की ओर से प्रत्याशी की घोषणा की गई है। उसी दिन से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। यह नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है।

शनिवार को नानपारा भाजपा कार्यालय में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। जहां पर मंडल के पांच अध्यक्ष मौजूद हुए। नगर मंडल अध्यक्ष अजय गुप्ता ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि सभी भाजपा का प्रत्याशी नानपार विधान सभा क्षेत्र से चाहते हैं। ऐसे में गठबंधन का प्रत्याशी नानपारा विधान सभा से मंजूर नहीं है। यह बात हाई कमान तक पहुंचा दिया गया है।

अगर भाजपा कमेटी द्वारा गठबंधन प्रत्याशी को नहीं बदला गया तो सभी मंडल के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। साथ ही सभी ने चुनाव के समय कार्य भी न करने की चेतावनी दी है। ऐसे में भाजपा और अपना दल एस के गठबंधन प्रत्याशी के लिए मुसीबत हो सकती है। साथ ही विधान सभा चुनाव भी प्रभावित हो सकता है। प्रेस वार्ता के दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

गुजरात के पर्वेक्षक को भी कराया अवगत

विधान सभा चुनाव पर नजर रखने के लिए काफी संख्या में गुजरात से भी पर्यवेक्षक आए हैं। भाजपा के मंडल अध्यक्षों ने इनको भी अपनी पीड़ा बताई है। साथ ही नानपारा विधान सभा से भाजपा के प्रत्याशी को टिकट देने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर चल रही खबर

नानपारा विधान सभा से जिस दिन अपना दल एस की ओर से गठबंधन के उम्मीदवार राम निवास वर्मा को बनाया गया है। उसी दिन से सोशल मीडिया पर भाजपा की हार समेत अन्य खबरें समर्थक और कार्यकर्ता ही चला रहे हैं।

पढ़ें- भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 35 हजार से ज्यादा केस दर्ज, संक्रमण दर हुई 13.39%

संबंधित समाचार