लखनऊ: बेखौफ बदमाशों ने किसान की पीठ पर मारी गोली, मौके पर हुई मौत…
लखनऊ। लखनऊ में माल क्षेत्र के दनौर गांव में 32 वर्षीय किसान राकेश गुप्ता उर्फ टिकैत की गोली मार कर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह खेत में किसान का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर सीओ मलिहाबाद योगेश सिंह और थानाप्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्यारों से …
लखनऊ। लखनऊ में माल क्षेत्र के दनौर गांव में 32 वर्षीय किसान राकेश गुप्ता उर्फ टिकैत की गोली मार कर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह खेत में किसान का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर सीओ मलिहाबाद योगेश सिंह और थानाप्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्यारों से संबंधित कई साक्ष्य जुटाए। हत्यारों ने मृतक के सिर और पीठ में गोली मारी है।
खेत में पानी लगाने की बात कहकर निकला था किसान…
मृतक अपनी पत्नी से खेत में पानी लगाने की बात कह कर घर से निकला था। सीओ मलिहाबाद योगेंद्र सिंह ने बताया कि दनौर गांव के बाहर खेत में किसान राकेश गुप्ता (32) की गोली मार कर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह हत्या की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। राकेश की पत्नी सुमन ने हत्या की तहरीर दी है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है, लेकिन अभी लिखित में किसी का नाम नहीं दिया है।
बदमाशों ने पीछे से मारी गोली
पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने राकेश को दो गोलियां मारी। जिसमें एक पीछे से पीठ पर और दूसरी उसके जमीन पर गिरने के बाद सिर में। जिससे उसकी मौत हो जाए। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और अवैध संबंध के बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। हत्यारों के विषय में जानकारी के लिए पुलिस गांव वालों व परिजनों से पूछताछ करने के साथ उसके मोबाइल की काल डिटेल खंगाल रही है।
मृतक पर लग चुका है गुंडा एक्ट
एसपी ग्रामीण लखनऊ हृदेश कुमार ने बताया कि मृतक राकेश के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में लूटपाट, मारपीट और अवैध शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं। साथ ही माल थाने से गुंडा एक्ट में कार्रवाई भी हुई है। राजेश गुप्ता उर्फ टिकैत के खिलाफ 2001 में अवैध शराब और 2004 में मारपीट और धमकी देने का माल थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
उसकी आपराधिक गतिविधियों के चलते गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। उसके खिलाफ 2012 में मड़ियांव और अलीगंज थाने में भी लूटपाट का मुकदमा दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास और खंगाला जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसके साथियों और दुश्मनों की भी कुंडली खंगाली जा रही है।
ये भी पढे़ं: राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि के मुकदमे की सुनवाई पांच फरवरी से प्रतिदिन होगी: अदालत
