बरेली: अब चुनाव बाद ही शुरू हो सकेगा सुभाषनगर पुल का निर्माण
बरेली, अमृत विचार। काफी समय से सुभाषनगर ओवरब्रिज के निर्माण की आस लगाए शहरवासियों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ेगा। इस समय सरकारी मशीनरी चुनाव में मशगूल है। इसलिए इस प्रोजेक्ट पर काम चुनाव बाद ही शुरू होने की संभावना है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्वीकृत सुभाषनगर ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर लगातार …
बरेली, अमृत विचार। काफी समय से सुभाषनगर ओवरब्रिज के निर्माण की आस लगाए शहरवासियों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ेगा। इस समय सरकारी मशीनरी चुनाव में मशगूल है। इसलिए इस प्रोजेक्ट पर काम चुनाव बाद ही शुरू होने की संभावना है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्वीकृत सुभाषनगर ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर लगातार विलंब हो रहा है। इस प्रोजेक्ट को स्मार्ट सिटी के अधिकारियों और रेलवे व पीडब्ल्यूडी को मिलकर पूरा करना है।
इसमें सबसे बड़ी बाधा यह आ रही थी कि पुल के डिजाइन के लिए रेलवे स्मार्ट सिटी के तहत करीब एक करोड़ के बजट की मांग कर रहा था लेकिन स्मार्ट सिटी परियोजना से यह रकम नहीं स्वीकृत हो पा रही थी। काफी समय से लटकी इस परियोजना के चुनाव से पहले ही शिलान्यास करने का दावा किया था लेकिन इतना समय गुजर जाने के बावजूद अभी प्रक्रिया जहां की तहां ठहरी हुई है। करीब 82 करोड़ रुपये की लागत से सुभाषनगर पुलिया के ऊपर से फ्लाईओवर का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है। रेलवे को अपने हिस्से में आने वाले कार्य को पूर्ण कराना है।
रेलवे के अधिकारी काफी समय से पुल की डिजाइन के लिए करीब एक करोड़ रुपये का बजट स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से मांग रहे हैं लेकिन कुछ तकनीकी पेंच फंसे होने के कारण जिम्मेदार अफसर इसका भुगतान रेलवे को कर नहीं पा रहे थे। इस वजह से यह परियोजना भी लंबे समय से फंसी हुई थी। अब इसका भी निस्तारण हो चुका है। सुभाषनगर अभी रेलवे पुलिया के नीचे और जलभराव और जाम की वजह से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात के दिनों में तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। अधिकारियों का कहना है कि इस समय चुनावी व्यस्तताओं की वजह से इस प्रोजेक्ट को नहीं शुरू किया जा पा रहा है।
