सीतापुर: बेखौफ चोरों ने तीन स्थानों से पार किया ढाई लाख का माल
बिसवां/सिधौली, सीतापुर। बेखौफ चोरों ने बिसवां कोतवाली इलाके में जहां एक घर से जेवर, नकदी सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया, वहीं सिधौली कोतवाली क्षेत्र में दो घरों से करीब 50 हजार की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ितों ने संबंधित थाने की पुलिस को सूचना दी। …
बिसवां/सिधौली, सीतापुर। बेखौफ चोरों ने बिसवां कोतवाली इलाके में जहां एक घर से जेवर, नकदी सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया, वहीं सिधौली कोतवाली क्षेत्र में दो घरों से करीब 50 हजार की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ितों ने संबंधित थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की है। पुलिस का कहना है कि मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बिसवां कोतवाली क्षेत्र के बुढ़नापुर गांव निवासी रियाजुद्दीन उर्फ छोटकन्ने पुत्र खैराती के घर में बेखौफ चोर रविवार की रात छत के रास्ते दाखिल हो गए। जिसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व बक्शे का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 35 हज़ार की नकदी, दो जोड़ी सोने की झुमकी, एक हार सोने का, दो जोड़ी झाले सोने के, चार सौ ग्राम चांदी की पायल, सोने की नथनी, चांदी की चोटी, पांच छपके का सोने का माला सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सिधौली कोतवाली इलाके के मदनापुर मजरा बनियानी गांव निवासी रामेश्वर पुत्र श्रीराम ने बताया कि रविवार की रात वह परिवार के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में गये हुए थे। देर रात जब वह वापस आये तो, मुख्य दरवाजे की कुण्ड़ी सहित सभी कमरों के ताले टूटे मिले।
उन्होंने बताया कि चोरों ने अलमारी में रखे सोने की नथनी, सोने के दो माले, चांदी की पाजेब, छह साड़ी, दो कटटी गेहूं सहित लगभग 50 हजार रुपये का सामान उठा ले गये। इसके अलावा चोरो ने पड़ोसी बरातीलाल पुत्र कल्लू प्रजापति के घर में घुसकर एक मोबाइल व बक्शे में रखे पांच हजार रुपये भी चोरी कर लिए। इन दोनों घटनाओं को लेकर पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: पांच शातिर अपराधियों पर लगा गुंडा एक्ट, छह माह के लिए हुए जिलाबदर
