हल्द्वानी: बिना किसी डर के गर्भवती महिलाएं करेंगी मतदान
राजेश श्रीवास्तव, अमृत विचार, हल्द्वानी। महिला डिग्री कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र में प्रसूति केंद्र की स्थापना की गई है। यहां अगर किसी गर्भवती महिला को जरूरत होती है तो उसको तत्काल स्वास्थ्य सेवा देने के लिए भर्ती किया जा सकता है। इस बार मतदान प्रक्रिया में सभी लोग शामिल हो सकें इसका पूरा ध्यान …
राजेश श्रीवास्तव, अमृत विचार, हल्द्वानी। महिला डिग्री कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र में प्रसूति केंद्र की स्थापना की गई है। यहां अगर किसी गर्भवती महिला को जरूरत होती है तो उसको तत्काल स्वास्थ्य सेवा देने के लिए भर्ती किया जा सकता है।
इस बार मतदान प्रक्रिया में सभी लोग शामिल हो सकें इसका पूरा ध्यान रखा गया है। महिला डिग्री कॉलेज में सखी बूथ बनाया गया है। बूथ पर केवल महिला कर्मचारियों की नियुक्त की गई है। इसके साथ ही एक और अनूठा प्रयोग किया गया है। यहां पर प्रसूति केंद्र की भी स्थापना की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अगर किसी गर्भवती महिला को प्रसव का दर्द उठता है तो उसे तुरंत ही प्रसूति केंद्र में भर्ती किया जाएगा। यहां पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। साथ ही यहां पर दवाओं व अन्य स्वास्थ्य उपकरण की भी व्यवस्था की गई है। कोशिश की जाएगी कि महिला को तुरंत उच्च स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाया जाए। साथ ही सखी बूथों पर बच्चों के खेलने के लिए खिलौने भी रखे गए हैं।
तीन आदर्श केंद्र भी स्थापित
हल्द्वानी। सखी बूथों के अलावा तीन स्थानों पर आदर्श बूथ भी स्थापित किए गए हैं। यहां पर मतदाताओं की सुविधाओं का खासतौर पर ध्यान रखा गया है। इन बूथों पर वोट डालने के लिए लोगों को कतार में नहीं लगना पड़ेगा। हल्द्वानी में खालसा इंटर कॉलेज में आदर्श बूथ की स्थापना की गई है।
आदर्श बूथ और सखी बूथ आधुनिक समाज की जरूरतें हैं। आदर्श बूथ जहां यह बताते हैं कि सभी मतदान केंद्रों को भविष्य में किस तरह से तैयार किया जाएगा वहीं सखी बूथ महिलाओं के सम्मान का प्रतीक हैं। महिला डिग्री कॉलेज में बनाए गए सखी बूथ में प्रसूति केंद्र की भी व्यवस्था की गई है।
– ऋचा सिंह, सिटी मजिटस्ट्रेट, हल्द्वानी
