आगरा: रुपये के लेनदेन में हुई थी सहायक सेल्स मैनेजर की हत्या, एक गिरफ्तार
आगरा। यूपी के आगरा जिले के देवरी रोड पर एक कंपनी के सहायक सेल्स मैनेजर प्रशांत सक्सेना की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि 4200 रुपये के लेनदेन के विवाद में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस …
आगरा। यूपी के आगरा जिले के देवरी रोड पर एक कंपनी के सहायक सेल्स मैनेजर प्रशांत सक्सेना की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि 4200 रुपये के लेनदेन के विवाद में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस उसके दो साथियों की तलाश कर रही है। वह घरों से फरार हो गए।
रामविहार कालोनी, देवरी रोड निवासी रवि सक्सेना के बेटे प्रशांत सक्सेना को शनिवार को क्षेत्र के ही हनी बघेल और उसके दो साथियों ने बेसबॉल के बैट से पीटा था। उसके सिर पर भी प्रहार किए थे। वह गंभीर घायल हो गया था। आरोपी उसे मरा समझ छोड़कर भाग गए थे।
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि प्रशांत को निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार शाम को उसकी मौत हो गई थी। पहले जानलेवा हमले की धारा में हनी बघेल सहित दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मुकदमे में हत्या की धारा की वृद्धि की गई। हनी बघेल को गिरफ्तार कर लिया गया।
