बाराबंकी: आज पोलिंग पार्टियां मध्य स्थलों के लिए हुईं रवाना, 22 लाख से अधिक लोग डालेंगे वोट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। जिले की सभी 6 सीटों के साथ-साथ रुदौली आंशिक क्षेत्र के लिए भी रविवार को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को रायबरेली रोड स्थित मंडी स्थल, केडी सिंह बाबू स्टेडियम और जीआईसी मैदान से रवाना किया गया। ईवीएम, वीवी पैट, सैनीटाइजर, अन्य मतदान सामग्री लेने के लिए मतदान कार्मिकों को कड़ी मशक्कत …

बाराबंकी। जिले की सभी 6 सीटों के साथ-साथ रुदौली आंशिक क्षेत्र के लिए भी रविवार को वोट डाले जाएंगे। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को रायबरेली रोड स्थित मंडी स्थल, केडी सिंह बाबू स्टेडियम और जीआईसी मैदान से रवाना किया गया। ईवीएम, वीवी पैट, सैनीटाइजर, अन्य मतदान सामग्री लेने के लिए मतदान कार्मिकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जिले में कुल 2829 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जिसमें 3112 पीठासीन अधिकारी 3423 प्रथम पोलिंग ऑफिसर 3765 द्वितीय पोलिंग ऑफिसर तथा 4142 तृतीय पोलिंग ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है। कुल 11320 कर्मचारियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इन पर नियंत्रण रखने के लिए जिले को 189 सेक्टरों और 20 जोन में बांटा गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर आदर्श सिंह ने बताया कि कुल 3395 बैलट यूनिट , 3395 कंट्रोल यूनिट तथा 3678 वीवीपैट को उपलब्ध कराया गया है। कुर्सी विधानसभा क्षेत्र में 487 रामनगर विधानसभा क्षेत्र में 434 बाराबंकी सदर विधानसभा क्षेत्र में 472 जैदपुर विधानसभा क्षेत्र में 477 दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 502 रुदौली आंशिक में 23 तथा हैदर गढ़ में 434 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

गड़बड़ी की सीधे करें डीएम और एसपी से शिकायत

प्रभारी अधिकारी कार्मिक मुख्य विकास अधिकारी एकता सिंह ने कहा कि जिले के सभी मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अगर कहीं कोई गड़बड़ी का मामला आता है तो उसकी शिकायत सीधे डीएम और एसपी के मोबाइल नंबर पर कर सकते हैं।

अगर नहीं है पहचान पत्र, तो ये हैं विकल्प

आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक और डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेनकार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड फर्म द्वारा कर्मचारियों को जारी किए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र से लोग अपने मतदान का प्रयोग कर सकते है।

शनिवार की सुबह जब हजारों की संख्या में निर्वाचन कर्मचारी व अधिकारी ड्यूटी पर जाने के लिए एकत्रित हुए तब प्रशासन के लोगों की नजर बंद पड़े हुए सरकारी नल पर पड़ी तब सरकारी तंत्र द्वारा आनन-फानन में नल बनवाने के लिए काम शुरू किया गया।

बेहोश हुई मतदानकर्मी

इस दौरान एक महिला जिनका नाम चंद्रप्रभा जो निर्वाचन ड्यूटी मसूदपुर दरियाबाद के लिए रवाना हो रही थी। अचानक चक्कर आने की वजह से गिर गई जिस कारण उनके पैर में गहरी चोट आ गई इसकी सूचना निर्वाचन टीम के पीठासीन अधिकारी द्वारा सेक्टर मजिस्ट्रेट विवेक श्रीवास्तव को दी गई।

विवेक श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला से बातचीत की तथा पैर में गंभीर चोट होने के कारण उच्चाधिकारियों से बातचीत करके पीड़ित महिला को उपचार के लिए भेज दिया तथा मौके पर उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारी को नियुक्त किया गया तब जाकर टीम पोलिंग बूथ के लिए रवाना हुई।

पढ़ें- मुरादाबाद : वार्षिक परीक्षा में अव्वल आने वाले छात्रों को मेडल देकर किया सम्मानित

संबंधित समाचार