यूपी चुनाव 2022: पुरबिया हवा को भाजपा के पक्ष में करने आएंगे प्रधानमंत्री मोदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के अंतिम दो चरणों में पुरबिया हवा की दिशा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मोड़ने के प्रयास के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को बस्ती में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। अधिकृत सूत्रों ने …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के अंतिम दो चरणों में पुरबिया हवा की दिशा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मोड़ने के प्रयास के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को बस्ती में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। अधिकृत सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पीएम मोदी रविवार को बस्ती, देवरिया और वाराणसी में रहेंगे।

बस्ती में वे बस्ती और संत कबीरनगर जिले की कुल आठ विधानसभाओं और देवरिया की सात विधानसभाओं की रैली संबोधित करेंगे। वहीं वाराणसी में सभी आठ विधानसभाओं के बूथ स्तर के पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बस्ती तथा देवरिया की रैली के साथ वे कुशीनगर की सभी की विधानसभाओं में वर्चुअल रैली करेंगे। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को पीएम बलिया और महाराजगंज में विशाल रैली के माध्यम से प्रत्याशियों को जिताने की अपील करेंगे। भाजपा ने रैली के सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी तैयारियों को पूरा कर लिया।

प्रदेश महामंत्री और रैली प्रभारी अनूप गुप्ता ने बताया कि रविवार को बस्ती के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान, हथियागढ़ में बस्ती की हरैया, कप्तानगंज, रुधौली, बस्ती, महादेवा तथा संत कबीरनगर जिले की मेहदावल, खलीलाबाद और धनघटा विधानसभाओं की संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में अंबेडकरनगर की अकबरपुर, कटेहरी, टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभाओं में वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ेंगे।

इसके बाद वे देवरिया की रैली में जायेंगे जहां वे सेंट्रल एकेडमी के पास, सोनूघाट पर देवरिया, रामपुर कारखाना, रुद्रपुर, पथरदेवा, भाटपार रानी, सलेमपुर और बरहज एवं गोरखपुर की चौरीचौरा विधानसभाओं की संयुक्त रैली करेंगे। साथ ही वे कुशीनगर, खड्डा, पडरौना, तुमकुहीराज, फाजिलनगर, हाटा और रामकोला विधानसभाओं के 34 सांगठनिक मंडलों में वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।यहां से पीएम वाराणसी स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सभी आठ विधानसभों के 3361 बूथों के बूथ स्तर पदाधिकारियों, 33 मंडलों और 539 शक्ति केंद्रों के पदाधिकारियों के साथ ही महानगर, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

28 फरवरी को पीएम पहले महाराजगंज जिले के फरेंदा, पनियरा, नौतनवा, सिसवां और महाराजगंज विधानसभाओं की संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। रैली अंबेडकर डिग्री कॉलेज महाराजगंज में होगी। इसके बाद पीएम बलिया के हैबतपुर में होने वाली सभा में जिले की बेलथरारोड, रसड़ा, सिकंदरपुर, फेफना, बलिया, बांसडीह और बैरिया की संयुक्त रैली में बोलेंगे। पीएम के सभी कार्यक्रमों का प्रसारण सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी: तलाक, तलाक, तलाक कहा और धक्के मार कर निकाल दी बीवी

संबंधित समाचार