कन्नौज: महाशिवरात्रि पर सजे शिव मंदिर, कल से गूंजेंगे भोले के जयकारे
कन्नौज। जिले भर में मंगलवार को महाशिवरात्रि का महापर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर दिन भर शिव मंदिरों में साफ सफाई व सजावट का काम चलता रहा। देर शाम तक मंदिर रंगबिरंगी रोशनी से नहाए नजर आए। दूसरी तरफ प्रशासन की तरफ से मंदिरों व गंगा के घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। …
कन्नौज। जिले भर में मंगलवार को महाशिवरात्रि का महापर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर दिन भर शिव मंदिरों में साफ सफाई व सजावट का काम चलता रहा। देर शाम तक मंदिर रंगबिरंगी रोशनी से नहाए नजर आए। दूसरी तरफ प्रशासन की तरफ से मंदिरों व गंगा के घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कन्नौज थी भारत की विशाल सशक्त राजधानी
महाशिवरात्रि महापर्व पर जगह जगह रुद्राभिषेक, सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक की तैयारियां सोमवार को ही शुरू हो गई हैं। जिले के प्रसिद्ध व अन्य शिव मंदिरों में अभी से सजावट शुरू कर दी गई है। दूसरी तरफ पतित पावनी गंगा स्नान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इतिहास के पन्नों में छठी शताब्दी में कन्नौज उत्तर भारत की विशाल सशक्त राजधानी थी।
आज भी यहां मौजूद है बाबा गौरीशंकर का भव्य शिवलिंग
महाराजा हर्षवर्धन के किले के नीचे व गंगा के किनारे बाबा गौरीशंकर का भव्य शिवलिंग आज भी है जिस पर उनके समय एक हजार पुजारी पूजा के लिए नियुक्त थे। यह उल्लेख तत्कालीन यहां आए चीनी विद्वान ह्वेनसांग के यात्रा वृत्तांत में मिलता है। बीते तीन दशक से अधिक नगर के लोगों ने इस मंदिर को भव्यता प्रदान की।
शहर के उत्तरी पूर्वी छोर पर प्रकृति के बीच रात में मंदिर अलकापुरी सा लगता है। गंगा स्नान कर लौटने वाले भक्त यहां जलाभिषेक कर आगे बढ़ते हैं। पुलिस व प्रशासन ने भी भीड़ का अनुमान लगाते हुए इस मंदिर और गंगा तट पर व्यवस्था की है।
शहर कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख मंदिरों व गंगा के दोनों घाटों पर बैरीकेडिंग कराने के साथ पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। इसके अलावा आठ निजी गोताखोरों की ड्यूटी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: गर्मी दिखाने लगी तेवर, लगातार बढ़ रहे तापमान से लोग हुए परेशान
