आगरा: ताजमहल के निकट कम ऊंचाई पर उड़ते विमान ने मचाई सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र के निकट सोमवार दोपहर एक विमान को उड़ता देख सनसनी फैल गयी। इसकी जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंची तो पुरातत्व विभाग से पूछताछ की। पुरातत्व विभाग ने ताज की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की रिपोर्ट मिलने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया देने की बात कही …

आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र के निकट सोमवार दोपहर एक विमान को उड़ता देख सनसनी फैल गयी। इसकी जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंची तो पुरातत्व विभाग से पूछताछ की।

पुरातत्व विभाग ने ताज की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की रिपोर्ट मिलने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया देने की बात कही है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित कर रखा है। साथ ही ताजमहल को नो फ्लाइंग जोन घोषित करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा हुआ है। नो फ्लाइंग जोन घोषित किए जाने के प्रयास वर्ष 2017 में शुरू हुए थे।

गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डययन विभाग से रिपोर्ट मांगी थी। ताजमहल की पांच सौ मीटर की परिधि में तीन हजार फुट की ऊंचाई तक नो फ्लाइंग जोन और दो हजार मीटर की परिधि में रेगुलेटेड जोन बनाने पर विचार हुआ था। इस बारे में निर्णय अभी लंबित है। ताजमहल में रविवार से मुगल बादशाह शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स चल रहा है।

इस दौरान प्रवेश निःशुल्क होने से लोगों की भीड़ पहुंच रही है। आज दोपहर करीब तीन बजे ताजमहल की पश्चिमी तरफ श्मशान घाट के ऊपर एक विमान को कम ऊंचाई पर उड़ान भरते देखकर लोग चौंक गए। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उसकी वीडियो क्लिपिंग भी बना ली। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने कहा कि इस बारे में सीआईएसएफ से रिपोर्ट मांगी गई है। सीआईएसएफ के कमाण्डेन्ट राहुल से सम्पर्क नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें: कानपुर: कोविड को लेकर IIT ने की नई भविष्यवाणी, कहा- जून में आएगी कोरोना की चौथी लहर

संबंधित समाचार