सीतापुर: मतगणना हाल में प्रतिबंधित रहेगा मोबाइल, पानी की बोतल और माचिस
सीतापुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च 2022 को करायी जायेगी। मतगणना की तैयारियों को लेकर डीएम विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को एक बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान डीएम ने निर्देश दिये कि मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शतप्रतिशत पालन किया …
सीतापुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा चुनाव की मतगणना 10 मार्च 2022 को करायी जायेगी। मतगणना की तैयारियों को लेकर डीएम विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को एक बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान डीएम ने निर्देश दिये कि मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शतप्रतिशत पालन किया जाये।
त्रुटिविहीन मतगणना कराये जाने के लिए सभी कार्मिकों का बेहतर प्रशिक्षण किया जाये। मतगणना हाल में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, अस्त्र-शस्त्र, पानी की बोतल, सेनेटाइजर, माचिस या अन्य कोई ज्वलनशील पदार्थ पूरी तरह प्रतिबन्धित रहेगा। इसलिये कोई भी इस प्रकार की सामग्री अपने साथ न लेकर आये। डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को कड़े निर्देश दिये कि साफ-सफाई का बेहतर प्रबंध किया जाये। मोबाइल टॉयलेट का भी पर्याप्त प्रबंध किया जाये।
चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोविड हेल्पडेस्क, मेडिकल टीम व मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाओं के साथ दो एम्बुलेंस का प्रबंध करें। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि मानकों के अनुरूप भोजन व जलपान का प्रबंध निर्धारित समय पर करायें। अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा को निर्देश दिये कि टैण्टेज व्यवस्था व जनरेटर का प्रबंध समय से पूर्ण कराते हुये विद्युत प्रबंध के संबंध में विद्युत सुरक्षा विभाग से सुरक्षा प्रमाण-पत्र समय से प्राप्त करें।
विद्युत संबंधी समस्त व्यवस्थाओं को पूर्ण कराते हुये मानकों के अनुरूप विद्युत सुरक्षा का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। वीडियो रिकार्डिंग का निर्धारित समयावधि पर बैकअप लेकर डाटा सुरक्षित करने व निर्वाध इंटरनेट की उपलब्धता कराने के निर्देश जिला सूचना विज्ञान अधिकारी व भारत संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों को दिये। इसके साथ ही सुरक्षा बल की तैनाती, बैरीकेटिंग व्यवस्था व माइक्रो आर्ब्जवर की तैनाती के विषय में भी डीएम ने समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी सौंपे गये दायित्वों के संबंध में समस्त कार्यों को समय से पूरा कराए और सूचनाएं उपलब्ध करायें। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा, अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एनपी सिंह, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीएएके सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-अमेरिका में प्रियंका चोपड़ा ने खाया देसी ‘पोहा’, बोलीं-‘मुंबई’ की याद दिला दी..
