मुरादाबाद : बालरोग विशेषज्ञों ने बताए बाल मृत्यु दर कम करने के तरीके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय सभागार में गुरुवार को मंडल के 50 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय से आए बाल रोग विशेषज्ञों ने बाल मृत्युदर कम करने के लिए जरूरी सुझाव दिए। पहले दिन रामपुर, अमरोहा, संभल व बिजनौर से आए 50 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देकर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय सभागार में गुरुवार को मंडल के 50 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय से आए बाल रोग विशेषज्ञों ने बाल मृत्युदर कम करने के लिए जरूरी सुझाव दिए।

पहले दिन रामपुर, अमरोहा, संभल व बिजनौर से आए 50 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देकर दक्ष किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को बताया गया कि बच्चों की तीन श्रेणियों में मॉनिटरिंग की जाएगी। पहली श्रेणी में जन्म से लेकर 28 दिन, दूसरी श्रेणी में 28 दिन से एक साल और तीसरी श्रेणी में एक साल से पांच साल तक के बच्चों को रखा गया है। यह देखा जाएगा कि बच्चे की मौत कहां हुई है।

अगर बच्चे की मौत अस्पताल परिसर में हुई है तो उसकी दो तरह की जांच की जाएगी। इसके साथ ही वहां ऑडिट किया जाएगा। अगर बच्चे की मौत घर पर होती है तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से कम्युनिटी बेस्ड ऑडिट किया जाएगा। चिकित्सकों ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद उसकी मौत का कारण जानना बेहद जरूरी है। बच्चे की मौत का सही कारण पता लगने पर ही उस समस्या को दूर किया जा सकता है। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों को बच्चे की मृत्यु होने पर तुरंत उसकी रिपोर्ट बनानी होगी। इसमें बच्चे की मौत का कारण बताना होगा। दो से तीन साल तक लगातार मॉनिटरिंग के बाद जो भी मुख्य कारण सामने आएंगे। उसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग सरकार को देगा। जिससे कारणों के निदान के लिए काम किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मुरादाबाद के जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुवीर सिंह ने बताया जिन स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रशिक्षण ले लिया है, अब वह यहां से जाकर अपने क्षेत्र की आशा व एएनएम को प्रशिक्षित करेंगे। इस दौरान सीएमओ मुरादाबाद डॉ. एमसी गर्ग, एसीएमओ डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. एससी मिश्रा, टीएमयू से डॉ. बलजीत मैनी, डॉ. सुधीर गुप्ता, डॉ. फरहा अख्तर व विभिन्न जिलों से आए स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार