उन्नाव: ब्रजेश पाठक को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर जिले में दिखा उत्साह, बांटी गईं मिठाइयां
उन्नाव। योगी सरकार 2.0 के शपथ ग्रहण समारोह से जिले के लोग खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। वजह यह है कि पूर्व सरकार में कानून मंत्री रहे ब्रजेश पाठक का कद बढ़ाते हुए इस बार उन्हें सूबे का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।यूं तो ब्रजेश पाठक की जन्मभूमि हरदोई जनपद है लेकिन उनकी …
उन्नाव। योगी सरकार 2.0 के शपथ ग्रहण समारोह से जिले के लोग खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। वजह यह है कि पूर्व सरकार में कानून मंत्री रहे ब्रजेश पाठक का कद बढ़ाते हुए इस बार उन्हें सूबे का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।यूं तो ब्रजेश पाठक की जन्मभूमि हरदोई जनपद है लेकिन उनकी राजनैतिक जन्मभूमि उन्नाव को कहा जाए तो यह कोई अतिशयोक्ति न होगी।
क्योंकि 2004 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर उन्होंने जिले का प्रतिनिधित्व प्राप्त किया। जिसके बाद वह सूबे के बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में उभरे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगले लोक सभा चुनाव में उनके हारने के बाद भी बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें राज्यसभा से सांसद बनाया।
छात्र नेता से अपने राजनैतिक जीवन की शुरूआत करने वाले श्री पाठक को शुक्रवार सूबे का उप मुखिया बनाए जाने से उनके समर्थक खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। जिले के ब्राह्मण वर्ग में उनकी पैठ का आलम यह है कि विभिन्न राजनैतिक दलों से ताल्लुक रखने वाले ब्राह्मण नेता उनके सम्पर्क में रहते हैं। योगी सरकार 2.0 में उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जगह जगह जश्न का माहौल देखने को मिला।
आवास विकास स्थित ब्रजेश पाठक के आवास पर हिन्दू जागरण मंच के प्रांतीय प्रभारी विमल द्विवेदी, जिलाध्यक्ष अजय त्रिवेदी, रानू मिश्र, संजय मिश्र, पंकज मिश्र, अन्नू मिश्र, संजय शुक्ला ने आतिशबाजी कर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। इसी क्रम में सफीपुर में सौरभ बाजपेई उर्फ राजा बेटा उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा अवध क्षेत्र, मोनू तिवारी, अशोक बाजपेई पूर्व प्रधान ने भी एम दूसरे का मुंह मीठा करा कर खुशी का इजहार किया।
ब्रजेश पाठक हर ब्राह्मण की आवाज: विजय त्रिपाठी
उन्नाव। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष विजय त्रिपाठी ने कहा कि ब्रजेश पाठक हर ब्राह्मण की आवाज हैं। समय समय पर ब्राह्मणों के साथ हुए अत्याचारों के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई है। योगी सरकार में डिप्टी सीएम बनाए जाने वह ब्राह्मणों की आवाज बुलंद करने का काम करेंगे।
ब्रजेश पाठक को आज भी याद करते हैं जनपदवासी
उन्नाव। ब्रजेश पाठक सिर्फ ब्राह्मण होने के लिए ही जिले वासियों के खास नहीं है बल्कि अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिले को जो सौगातें दी उनके लिए भी वह लोगों के दिलों में छाए हैं। जन सुविधाओं से लेकर चिकित्सा क्षेत्र में भी उन्होंने कई कार्य किए।
जिनमें शुक्लागंज में नवीन गंगा पुल की स्वीकृति, गंगातट के अंत्येष्टि स्थल पर बैकुण्ठ धाम का निर्माण, मरीजों को लाने ले जाने के लिए अपनी निधि से एंबुलेंस, जिला अस्पताल के सुंदरीकरण, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यात्री प्रतीक्षालयों के निर्माण, निर्धन बालिकाओं की शादी के लिए शहर में बारातशाला, असहाय बुजुर्गों के लिए सेल्टर होम की स्थापना के साथ अनगिनत ऐसे काम है जिनके लिए जनता उन्हें आज भी याद करती है। जिले का सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय भी ब्रजेश पाठक के कार्यकाल में निजी भवन में पहुंचा था।
यह भी पढ़ें: तीन बार के विधायक योगेंद्र उपाध्याय को मिली योगी कैबिनेट में जगह, समर्थकों में दौड़ी खुशी की लहर
