पीलीभीत: कमीशनखोरी से जुड़ा वीडियो वायरल, फिर भी टाल गए कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। लाइटों के भुगतान में ग्राम विकास अधिकारी का कमीशनखोरी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बावजूद अफसर मामला दबा गए। पहले कई दिनों तक अनभिज्ञता जताई गई और जब वीडियो विभाग की फजीहत का सबब बना तो नोटिस भेजकर कर्तव्यों से इतिश्री कर ली गई है। बीते दिनों समस्त ग्राम पंचायतों में …

पीलीभीत, अमृत विचार। लाइटों के भुगतान में ग्राम विकास अधिकारी का कमीशनखोरी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बावजूद अफसर मामला दबा गए। पहले कई दिनों तक अनभिज्ञता जताई गई और जब वीडियो विभाग की फजीहत का सबब बना तो नोटिस भेजकर कर्तव्यों से इतिश्री कर ली गई है।

बीते दिनों समस्त ग्राम पंचायतों में भारी-भरकम बजट खर्च कर स्ट्रीट लाइट लगवाई गई थीं। इसके कुछ समय बाद ही लगाई लाइटों की गुणवत्ता से लेकर खरीद में दर्शाई जा रही रकम को लेकर सवाल उठ गए थे। मानकों की अनदेखी करने से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं थी, जिन्हें अधिकारियों ने जांच के नाम पर दबा दिया था। मार्च में क्लोजिंग के चलते ग्राम पंचायतों में भुगतान कराया जा रहा है।

इसी से जुड़ा एक वीडियो 15 दिन पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसमें बरखेड़ा ब्लॉक में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी लाइटों के भुगतान कराने के एवज में कमीशन की मांग करते दिखाई दिए थे। उनकी ओर से कहे गए शब्दों से ही पूरा खेल उजागर हो रहा था। मगर, सिस्टम इसे शुरुआत से ही दबाता रहा। कई दिनों तक तो वीडियो का संज्ञान ही नहीं लिया गया। अफसर जानकारी न होने की बात कहकर टाल गए थे।

इसके बाद जब मामला तूल पकड़ने लगा तो संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया। मगर, कई दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई को रफ्तार नहीं मिल सकी है। जांच के नाम पर इस पूरे प्रकरण को ही दबा दिया गया है।

वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आते ही संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस भेजा गया था। उससे जवाब तलब किया गया है। वीडियो का भी अवलोकन करा रहे हैं। जवाब मिलने के बाद उसी आधार पर आगे एक्शन लिया जाएगा।- हवलदार सिंह, डीडीओ

इसे भी पढ़ें-

पीलीभीत:  शार्ट सर्किट से किराना दुकान में लगी आग, हड़कंप

 

संबंधित समाचार