लखनऊ: तिरुपति ज्वेलर्स लूट कांड में शामिल चौथा आरोपी भी गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी की अलीगंज कोतवाली अंतर्गत कपूरथला चौराहे के पास स्थित तिरुपति ज्वेलर्स में लगभग पांच माह पूर्व हुई लूट के मामले में पुलिस ने चौथे व अंतिम आरोपी सौरभ पटेल को शनिवार को पुरनिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मूलरूप से हरदोई के माधवगंज निवासी सौरभ पर 25 हजार रुपए …
लखनऊ। राजधानी की अलीगंज कोतवाली अंतर्गत कपूरथला चौराहे के पास स्थित तिरुपति ज्वेलर्स में लगभग पांच माह पूर्व हुई लूट के मामले में पुलिस ने चौथे व अंतिम आरोपी सौरभ पटेल को शनिवार को पुरनिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मूलरूप से हरदोई के माधवगंज निवासी सौरभ पर 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित था। उसके खिलाफ आशियाना, अलीगंज और हरदोई के माधवगंज में कुल पांच मामले दज्र हैं।
इंस्पेक्टर अलीगंज धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की टीम बंधा रोड से पुरनिया रेलवे क्रॉसिंग की तरफ से कोतवाली लौट रही थी। इसी दौरान पुल के नीचे एक युवक पीठ पर काला पिट्ठू बैग लादे खड़ा दिखा। पुलिस को देखते ही युवक सकपका गया और सीतापुर रोड की तरफ पैदल आगे जाने लगा। पुलिस उसकी तरफ बढ़ी तो युवक ने दौड़ लगा दी। पुलिस ने उसे सीतापुर रोड से करीब 30 कदम पूर्व ही घेर कर पकड़ लिया। युवक के पास एक तमंचा बरामद हुआ। पूछने पर युवक की पहचान तिरुपति ज्वेलर्स में लूट के चौथे अभियुक्त सौरभ के रूप में हुई।
सौरभ ने बताया कि लूट की वारदात के बाद चारों साथी पैसों को आपस में बांट कर अलग-अलग हो गए थे। अखबारों से पता चला कि हर्ष और रवि रुद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और कुछ दिन पूर्व राहुल का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। इसके बाद से वह डर-डर कर छिपते घूम रहा था। शहर से फरार होने के लिए ही वह पुल के समीप खड़ा वाहन का इंतजार कर रहा था।
याद रहे कि गत 8 दिसंबर 2021 को तिरुपति ज्वेलर्स में नकाबपोश चार अपराधियों ने एक कर्मचारी पर फायरिंग करते हुए करीब 70 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने 16 दिसंबर 2021 को दो आरोपियों हर्ष सिंह उर्फ हनी सिंह और रवि रुद्र शर्मा को गिरफ्तार किया था। वहीं गत 25 मार्च को तीसरे आरोपी एक लाख के ईनामी राहुल सिंह को गोमती नगर के किनारे बंधा रोड पर मुठभेड़ में मार गिराया था।
यह भी पढ़ें:-डॉ. एमसी सक्सेना नहीं किया आत्मसर्मपण तो पहले घोषित होगा भगोड़ा, फिर होगी कुर्की
