बहराइच: घटना के पांच घंटे बाद नदी से बरामद हुआ युवक का शव, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। नेपाल से एक युवक यूपी के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट के सिरसियनपुरवा गांव में अपने मामा के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था। बुधवार सुबह वह अपने मौसेरे भाई के साथ नित्य क्रिया के लिए गया था। मौसेरे भाई के सामने ही मगरमच्छ युवक को नदी में खींच ले गया और उसे …

बहराइच। नेपाल से एक युवक यूपी के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट के सिरसियनपुरवा गांव में अपने मामा के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था। बुधवार सुबह वह अपने मौसेरे भाई के साथ नित्य क्रिया के लिए गया था। मौसेरे भाई के सामने ही मगरमच्छ युवक को नदी में खींच ले गया और उसे निवाला बना लिया। अब घटना के पांच घंटे बाद गोताखोरों ने नदी से शव बरामद किया है। युवक का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जिले के कतर्नियाघाट रेंज के सदर बीट में ग्राम पंचायत चहलवा के सिरसियन पुरवा गांव में अपने मामा के यहां शादी में शामिल होने आए नेपाल के गुलहरिया युवक दीपू पुत्र संतोषी दो दिन पूर्व आया था। मामा हरिमोहन पुत्र छोटकऊ के यहां दीपू अपनी मां के साथ आया था। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वह उर्रा गांव निवासी अपने मौसी के लड़के शिवा पुत्र दुर्गेश के साथ गांव से सटे सरयू नहर के किनारे शौच के लिए गया था।

शौच के दौरान पानी से निकल कर एक विशालकाय मगरमच्छ दीपू को पानी में खींच ले गया। यह दृश्य देखकर पास बैठा मौसेरा भाई चिल्लाते हुए भाग खड़ा हुआ। उसके शोर मचाने पर आसपास लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग व पुलिस की टीम घटना स्थल पर पंहुच गई। स्थानीय लोग शव को तलाश करने की कोशिश में जुट गए, लेकिन मगरमच्छ का डर और पानी का तेज बहाव देख लोग हिम्मत नहीं जुटा पाए।

ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से नाव द्वारा शव की तलाश की। घटना के पांच घंटे बाद शव बरामद हुआ। शरीर में जगह जगह मगरमच्छ के मांस खाने के निशान थे। वहीं घटना से परिवारीजनों में मातम छा गया। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- बहराइच: भाई की आंखों के सामने नदी में युवक को खींच ले गया मगरमच्छ

संबंधित समाचार