बरेली: डॉक्टर गायब तो कहीं गंदगी का मिला अंबार
बरेली, अमृत विचार। सीएमओ ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया तो चिकित्सकीय सेवाओं की पोल खुलकर सामने आ गई। डॉक्टर नदारद मिले तो कहीं गंदगी का अंबार मिला। सीएमओ डा. बलवीर सिंह सुबह 8:10 बजे भमोरा सीएचसी पहुंचे। केन्द्र पर कोई चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट और डिलीवरी रूम में स्टाफ मौजूद नहीं था। डा. …
बरेली, अमृत विचार। सीएमओ ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया तो चिकित्सकीय सेवाओं की पोल खुलकर सामने आ गई। डॉक्टर नदारद मिले तो कहीं गंदगी का अंबार मिला।
सीएमओ डा. बलवीर सिंह सुबह 8:10 बजे भमोरा सीएचसी पहुंचे। केन्द्र पर कोई चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट और डिलीवरी रूम में स्टाफ मौजूद नहीं था। डा. विकल्प चौहान की इमरजेंसी ड्यूटी थी और वह अनुपस्थित थे। केन्द्र पर ड्यूटी रोस्टर, सिटीजन चार्टर नहीं मिला और काफी गंदगी थी।
सीएमओ ने अधीक्षक एवं प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी अनुपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों का वेतन बिना अधोहस्ताक्षरी की अनुमति के न निकाला जाए। उसके बाद वह आंवला सीएचसी पहुंचे। केंद्र की इमरजेंसी व्यवस्था ठीक नहीं थी। हालांकि, चिकित्साधिकारी और फार्मासिस्ट मौजूद मिले।
ओपीडी रूम में नियमों के विपरीत इमरजेंसी कक्ष बनाया गया था। केन्द्र पर 4 स्टाफ नर्सों की तैनाती होने के बाद भी एएनएम रचना की ड्यूटी डिलीवरी रूम में लगाई गई थी । इस पर सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है। यहां भी गंदगी थी।
रामनगर में भी नहीं मिले डाक्टर
सीएमओ रामनगर सीएचसी पहुंचे तो वहां भी कोई चिकित्साधिकारी मौजूद नहीं था। इमरजेंसी में कोई चिकित्साधिकारी मौजूद नहीं था। केन्द्र की इमरजेंसी व्यवस्था, औषधियों का रख-रखाव खराब था। सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. अजय कुमार ने बताया कि इमरजेंसी ड्यूटी लगाए गए चिकित्साधिकारी दो दिन से फोन नहीं उठा रहे हैं। सीएमओ ने निर्देश दिया कि अनुपस्थित डाक्टर, स्टाफ का वेतन रोक दिया जाए।
सीएमओ पूर्वाह्न 11 बजे मझगवां पहुंचे। यहां व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। आखिर में वह करीब 12 बजे सुभाषनगर यूपीएचसी पहुंचे। इस दौरान डा. सोनिका बजाज दो दिन से अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ ने व्यवस्था सही करने के निर्देश दिए। मझगवां सीएचसी के निरीक्षण के दौरान प्रभारी डॉ. राहुल और डॉ. वैभव मौजूद मिले।
ये भी पढ़ें-
