लखीमपुर-खीरी: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, सदर विधायक ने 200 बेड वाले अस्पताल का किया शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृतविचार। मरीजों को आधुनिक और बेहतर से बेहतर इलाज मिल सके इसको लेकर बनाए गए वेल के मोतीपुर स्थित 200 बेड वाले अस्पताल का मंगलवार की सुबह केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी व सदर विधायक योगेश वर्मा ने विधि-विधान पूर्वक हवन-पूजन करते हुए नारियाल तोड़ा व फीता काट कर किया। 200 बेड़ …

लखीमपुर-खीरी, अमृतविचार। मरीजों को आधुनिक और बेहतर से बेहतर इलाज मिल सके इसको लेकर बनाए गए वेल के मोतीपुर स्थित 200 बेड वाले अस्पताल का मंगलवार की सुबह केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी व सदर विधायक योगेश वर्मा ने विधि-विधान पूर्वक हवन-पूजन करते हुए नारियाल तोड़ा व फीता काट कर किया। 200 बेड़ के इस मातृ एवं शिशु चिकित्सालय ओयल में जिला अस्पताल के स्थनान्तरण के क्रम में तीन रोगों की ओपीडी प्रारम्भ कर दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खीरी सांसद व केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र “टेनी” ने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब आपके क्षेत्र में ही जिला अस्पताल स्थानान्तरित हो रहा है, जिससे आपके क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और किसी को गंभीर से गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु जिला मुख्यालय नहीं दौड़ना पड़ेगा, जिससे लोगों के समय की बचत होगी तथा वह इस समय का सदुपयोग भी कर सकेगा। कहा कि जिला पुरुष चिकित्सालय का उच्चीकरण करके उसे मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है।

इसके लिए भवन को तोड़कर नवीन भवन का निर्माण शुरू होना है। जिसके दृष्टिगत ओयल स्थित मातृ चिकित्सालय में अस्पताल को शिफ्ट किया गया है। 2015 में मातृ चिकित्सालय भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ था और जनवरी 2022 में इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंड ओवर कर दिया गया। 8645.22 लाख रुपए की लागत से इस भवन का निर्माण कार्य कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बेहद गंभीर हैं।

यही कारण है उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार आधुनिक और बेहतर किया जा रहा है, जिससे जनमानस को महानगरों जैसा इलाज उनके अपने जिले व शहर में मिल सके। वहीं सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। देवकली में मेडिकल कॉलेज का तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। शहर में बने जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज में उच्चीकारण करके और अधिक बेहतर सुविधाओं के साथ शुरू किया गया है।

यह चिकित्सालय आधुनिक सेवाओं के साथ जिले कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करेगा। इधर सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर ने बताया कि पहले दिन ईएनटी डॉ. हर्षिता अवस्थी, मानसिक चिकित्सक डॉ. अखिलेश शुक्ला व त्वचा एवं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेंद्र गौतम द्वारा ओपीडी की शुरुआत कर दी गई है। बहुत जल्द सभी ओपीडी सेवाओं सहित ऑपरेशन थिएटर, अल्ट्रासाउंड, डायलिसिस यूनिट और पीकू वार्ड को भी यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह संजय, जितेंद्र त्रिपाठी, सांसद प्रवक्ता अम्बरीश सिंह, सुनील सिंह, राकेश सिंह, रामनरेश सिंह, उमा राज, प्रमोद सिंह, शर्मा प्रजापति सहित आदि उपस्थित रहे।

200 सैय्या मातृ एवं शिश चिकित्सालय के सीएमएस डॉ0 एसी श्रीवास्तव ने बताया कि हमारे अस्पताल में जिला अस्पताल स्थानान्तरित हो रहा है। अभी फिलहाल यहां चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ दीपेंद्र गौतम, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षिता अवस्थी व मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश शुक्ला द्वारा ओपीडी प्रारम्भ कर दी गई है।

वहीं अस्पताल कुल 18 मरीज पहुॅचे जिसमें प्रथम रोगी विजय वर्मा ने डॉ. हर्षिता अवस्थी से अपने कान का इलाज करवाया और मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश शुक्ला ने मरीज नूरीशबा तथा चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेंद्र गौतम ने अपने पहले मरीज के रुप में जीतांशु सिंह का इलाज किया। आये सभी मरीज अपने ही क्षेत्र में रोग विशेषज्ञों से सलाह व औषधि कक्ष से दवाइयां पाकर प्रफुल्लित दिखे।

सीएमएस ने स्टाफ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अभी हमारे अस्पताल में 20 स्वीपर, 12 वार्डब्वाय और 10 स्टाफ नर्स, 3 फार्मासिष्ट हैं। ग्राउन्ड फ्लोर के रुम नम्बर 1 में ईएनटी, 2 में मनोरोग व 3 में चर्म रोग संबंधी ओपीडी की जायेगीं, पर्च बनाने और औषधी वितरण कक्ष भी ग्राउंडफ्लोर स्थित है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ शैलेंद्र भटनागर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय पुरुष का भवन पुनः निर्माण हेतु तोड़े जाने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, अभी फिल हाल 200 बेड़ अस्पताल में तीन रोगों के डॉक्टर्स मौजूद रहेंगे। फिर धीरे धीरे पूरा पुरुष चिकित्सालय इसी बिल्ड़िंग में शिफ्ट किया जायेगा। एकाएक सम्पूर्ण अस्पताल स्थानान्तरित करने से जनपद की स्वास्थय व्यवस्था लड़खड़ा जायेगी, चूंकि अभी सभी गंभीर से गंभीर मरीज जिला मुख्यालय ही पहुंचते हैं।

धीरे-धीरे शिफ्ट करने से सभी को इसकी जानकारी हो जायेगी और जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था सुचारु रुप से चलती रहेगी। इस दौरान सीएमओ डॉ शैलेंद्र भटनागर, एसीएमओ डॉ अनिल गुप्ता, 200 बेड सीएमएस डॉ एसी श्रीवास्तव, प्रधान सहायक अशोक पाण्डेय, फार्मासिस्ट नीरज शुक्ला, अमित कुमार सिंह व अमरेंद्र सहित अन्य स्टाप सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने ‘हिजाब’ पर दो दिन बाद सुनवाई का दिया संकेत 

संबंधित समाचार