आगरा: मंदिर नहीं हटा तो बंद हो सकता है राजामंडी रेलवे स्टेशन, DRM ने ट्वीट कर किया सचेत
आगरा। ताजनगरी के राजामंडी रेलवे स्टेशन पर स्थित चामुंडा मंदिर को लेकर काफी समय से चल रहे विवाद के बाद DRM आनंद स्वरुप ने अतिक्रमण न हटने पर स्टेशन को बंद करने की चेतावनी दी है। DRM ने ट्वीट कर कहा कि रेलवे की जमीन पर मंदिर द्वारा अवैध रूप से कब्ज़ा किया गया है। …
आगरा। ताजनगरी के राजामंडी रेलवे स्टेशन पर स्थित चामुंडा मंदिर को लेकर काफी समय से चल रहे विवाद के बाद DRM आनंद स्वरुप ने अतिक्रमण न हटने पर स्टेशन को बंद करने की चेतावनी दी है।
DRM ने ट्वीट कर कहा कि रेलवे की जमीन पर मंदिर द्वारा अवैध रूप से कब्ज़ा किया गया है। अगर 72 वर्ग मीटर का अवैध निर्माण प्लेटफार्म से नहीं हटाया गया तो यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे स्टेशन को बंद किया जा सकता है।
उन्होंने एक पत्र जारी कर कहा कि, मंदिर का क्षेत्रफल 1716 वर्ग मीटर है, इसमें 600 वर्ग मीटर में मंदिर का भवन बना हुआ है। 72 वर्ग मीटर अवैध निर्माण प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुआ है। DRM ने कहा कि यह रेलवे के शेड्यूल ऑफ डायमेंशन का उल्लंघन है। डीआरएम ने अवैध निर्माण को हटाने को कहा है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी यह खतरा
DRM ने कहा कि भारत सरकार की मंशा है कि ट्रेनों की स्पीड 150 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार तक बढ़ाई जाए, लेकिन अवैध निर्माण और पटरी के काफी वक्राकार होने की वजह से ट्रेन की अधिकतम स्पीड 30 किमी प्रतिघंटा ही रहती है। इसके अलावा दैनिक यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी यह खतरा है।
स्टेशन को बंद करने के लिए बाध्य होंगे
उन्होंने बताया कि आगरा-दिल्ली मार्ग पर ट्रेनों की गति में सुधार के लिए छह करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अगर अवैध निर्माण हट जाता है तो इस ट्रैक पर ट्रेन 150 किमी प्रतिघंटे की रफ़्तार से दौड़ सकती है। उन्होंने चामुंडा मंदिर के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों को भी नोटिस जारी किया है। साथ में ये भी कहा है कि अगर अवैध निर्माण नहीं हटता तो स्टेशन को बंद करने के लिए बाध्य होंगे।
पढ़ें-मैनपुरी: घरवालों के खिलाफ जाकर लड़की ने की लव मैरिज, भाई और चाचा ने उतारा मौत के घाट
