मुरादाबाद : पुलिस ने कब्र से निकाला आसमां का शव, हत्या की आशंका में शव का करवाया पोस्टमार्टम
मुरादाबाद/भगतपुर/अमृत विचार। भगतपुर क्षेत्र में गर्भवती की मौत के ढाई महीने बाद पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार को नायब तहसीलदार सदर की मौजूदगी में महिला के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। पोस्टमार्टम में …
मुरादाबाद/भगतपुर/अमृत विचार। भगतपुर क्षेत्र में गर्भवती की मौत के ढाई महीने बाद पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार को नायब तहसीलदार सदर की मौजूदगी में महिला के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। पोस्टमार्टम में भी महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसलिए बिसरा संरक्षित कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव मायके वालों को सौंप दिया गया। वह उसे अपने साथ उत्तराखंड ले गए हैं।
उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरखेड़ा निवासी मुनव्वर अली ने 21 मार्च 2021 को अपनी पुत्री आसमा का निकाह भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भगतपुर टांडा निवासी इरफान के साथ किया था। परिजनों ने इरफान को वकील बताया था। पिता ने असमा की शादी में दो लाख रुपये नगद और सारा घरेलू सामान दहेज में दिया था। मगर शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज का ताना देते थे। दहेज में कार व नगदी की मांग कर उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाता था।
तीन महीने पूर्व इरफान पर एक युवती ने बलात्कार का आरोप लगाया था। तब उन्होंने दामाद को जेल जाने से बचाने के लिए 50 हजार रुपये दिए थे। आसमा के बड़े भाई नवाब अली ने बताया कि करीब ढाई माह पूर्व उन्हें सूचना मिली कि आसमा की तबीयत खराब है। उसे रामपुर दोराहा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान आठ महीने की गर्भवती आसमा की पहली फरवरी 2022 को मौत हो गई थी। लाडली बेटी की मौत के बाद मुनव्वर अली सुधबुध खो बैठे थे।
नवाब अली के अनुसार तीन दिन बाद उन्होंने भगतपुर थाने में तहरीर दी मगर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने सीओ, एसपी देहात, एसएसपी, डीआईजी का दरवाजा भी खटखटाया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब उन्होंने लखनऊ जाकर पुलिस मुख्यालय में डीजीपी से गुहार लगाई। डीजीपी के आदेश पर भगतपुर पुलिस ने मृतका के पति इरफान समेत आठ ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। साथ ही आसमा के शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शनिवार को आसमा का शव कब्र से निकलवाने की अनुमति मिल गई। इस पर रविवार को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में भगतपुर पुलिस ने आसमा के शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया।
रविवार को हुए पोस्टमार्टम में भी आसमा की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। इस पर बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया। बिसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम के बाद आसमा का शव उसके पिता मुनव्वर अली और भाइयों नवाब अली तथा अकरम अली को सौंप दिया गया। मुनव्वर अली के परिवार में पत्नी हसीना के अलावा चार बेटे नवाब अली, अकरम अली, इस्लाम, निजामुद्दीन और दो बेटी आसमा तथा शबाना हैं। उनका सबसे छोटा बेटा निजामुद्दीन आसमा की मौत से एक महीने पहले ही सऊदी अरब गया था। नवाब अली ने बताया कि आसमा चौथे नंबर की थी। वह पूरे परिवार की बेहद लाड़ली थी। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले शव को अपने साथ उत्तराखंड ले गए हैं। नवाब अली के अनुसार अब वह अपनी बहन को वहीं दफन करेंगे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : युवक ने फंदे से लटककर की खुदकुशी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
