अयोध्या: गुटबाजी की वजह से क्षेत्र पंचायत की बैठक स्थगित
अयोध्या। यहां क्षेत्र पंचायत की बैठक शुरू होने के लगभग 15 मिनट बाद ही स्थगित कर दी गई। जिम्मेदारों द्वारा इसका कोई ठोस कारण न बताये जाने से क्षेत्र पंचायत सदस्यों में नाराजगी देखी गई। गुरुवार को सुबह 10:30 बजे सोहावल ब्लाक के चौधरी चरण सिंह सभागार में वर्ष की प्रथम बैठक बुलाई गई थी, …
अयोध्या। यहां क्षेत्र पंचायत की बैठक शुरू होने के लगभग 15 मिनट बाद ही स्थगित कर दी गई। जिम्मेदारों द्वारा इसका कोई ठोस कारण न बताये जाने से क्षेत्र पंचायत सदस्यों में नाराजगी देखी गई।
गुरुवार को सुबह 10:30 बजे सोहावल ब्लाक के चौधरी चरण सिंह सभागार में वर्ष की प्रथम बैठक बुलाई गई थी, जिसमें विगत वर्ष का लेखा जोखा देने के बाद नये वित्तीय वर्ष के लिये कार्य योजनाओं की वित्तीय व्यवस्था करना था। इस बैठक के लिये बाकायदा एजेंडा जारी करके सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को आमंत्रित किया गया था।
बैठक अपने तय समय से लगभग डेढ़ घंटे बाद शुरू की गई। बैठक में मंच पर ब्लाक प्रमुख के अलावा जिला पंचायत सदस्य चन्द्र भान सिंह, सोनाली रावत व अन्य जनप्रतिनिध मौजूद थे। बैठक लगभग 15 मिनट ही चली थी कि मौके पर बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान भी पहुंच गए। वहां बैठे सोहावल द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान सिंह को देखकर लौट गये और तुरंत ही बैठक के स्थगन की घोषणा कर दी गई।
बिना कारण बताये बैठक स्थगित होने पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया, लेकिन उनको किसी तरह शांत कराया गया। बताया गया कि पुन: एजेंडा जारी करने के बाद बैठक बुलाई जाएगी। इस विषय में जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान सिंह ने बताया कि बैठक चल रही थी, लेकिन किस कारण स्थगित करवा दी गई, हमें जानकारी नहीं दी गई।
उनका कहना है कि सोहावल ब्लाक के विकास के लिये जिला पंचायत से धन आवंटन कराने कराने हेतु कार्ययोजना बनाने के लिए क्षेत्र पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पास होना था, किन्तु बैठक स्थगित होने के कारण ऐसा नहीं हो सका। परिसर के अंदर दो पक्षों में गुटबाजी को लेकर बैठक का अचानक स्थगित होना क्षेत्र में चर्चा का बिषय बना रहा।
