मुरादाबाद : एटीएस खोजेगी धमकी भरे पत्र की सच्चाई, अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रुड़की के स्टेशन अधीक्षक को पत्र भेजकर रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी की असलियत की जांच में कई एजेंसियों को जिम्मेदारी दे दी गयी है। रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे पुलिस की टीम पत्र का मजमून पढ़ रही है। राइटिंग और इस तरह के पत्र का अध्ययन किया जा रहा है। उधर, एंटी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। रुड़की के स्टेशन अधीक्षक को पत्र भेजकर रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी की असलियत की जांच में कई एजेंसियों को जिम्मेदारी दे दी गयी है। रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे पुलिस की टीम पत्र का मजमून पढ़ रही है। राइटिंग और इस तरह के पत्र का अध्ययन किया जा रहा है। उधर, एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) को मामले की असलियत पता करने का जिम्मा सौंपा गया है। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क कर दी गई हैं। एसपी रेलवे अपर्णा गुप्ता मामले की तह तक जाना चाहती हैं। इसलिए उन्होंने हाल के दिनों में जारी किए गए ऐसे पत्रों की कार्रवाई का संदर्भ लेकर मामले का निस्तारण करने का आदेश दिया है। रेलवे मुख्यालय स्तर से मामले की पूछताछ के बाद रेल प्रबंधन भी मामले को लेकर बेहद गंभीर है।

सूत्रों का कहना है कि बीते सालों में मेरठ, हापुड़, अंबाला और सहारनपुर में सामने आए ऐसे प्रकरणों की रिपोर्ट के संदर्भ में बात समझने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि सहारनपुर में इस तरह की धमकी वाले संदेश को लेकर कार्रवाई में रेलवे पुलिस ने मेल करने वाले युवक को दबोच लिया था। गहराई से जांच में आरोपी के सिरफिरा होने के प्रमाण मिले थे।

जानकारों की मानें तो हापुड़ और अंबाला के पत्र की भाषा और राइटिंग से जुड़ता यह पत्र भी है। लेकिन इस प्रकरण का कनेक्शन पुरानी धमकी से है या नहीं, यह तय होना अभी बाकी है। इस मुद्दे पर एजेंसियों ने कमर कस ली है। जांच करने वाली टीम पत्र की मूल भाषा और अन्य संदर्भ को लेकर मुंह खोलने को तैयार नहीं है। यानी मामले का सच सामने आना अभी बाकी है। स्टेशन अधीक्षक रुड़की द्वारा रेल प्रबंधन को भेजे गए इस डरावने संदेश के बाद विभाग में खलबली मची है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को भी जान की धमकी दी गयी है।

यह है आतंकी पत्र का भाव
धमकी वाला पत्र भेजने वाले ने स्वयं को जैश-ए-मुहम्मद का एरिया कमांडर बताया है। खुद को आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद का एरिया कमांडर सलीम अंसारी के रूप में प्रस्तुत किया है। उसने चिह्नित रेलवे स्टेशनों को 21 मई को बम विस्फोट से उड़ाने की बात कही है। मुरादाबाद, हरिद्वार, लक्सर, रुड़की, देहरादून, ऋषिकेश, काठगोदाम और बरेली के स्टेशन को 21 मई को बम से उड़ाने की धमकी दी है।

रेलवे पुलिस को आरंभिक जांच में कोई विशेष तथ्य हाथ नहीं लगे हैं। लेकिन, ऐसे इस मामले को छोड़ा नहीं जाएगा। दो साल पहले भी रुकड़ी स्टेशन मास्टर को इस तरह का पत्र मिला था। ऐसे में प्रकरण की जांच में एटीएस की भी मदद ली जाएगी। मैंने इसके लिए पत्र लिख दिया है।-अपर्णा गुप्ता, एसपी रेलवे

रेलवे में सुरक्षा अहम विषय है। पत्र को लेकर अभी कोई खास बात सामने नहीं आयी है। लेकिन लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। हाल के दिनों में मिले ऐसे पत्रों की राइटिंग का मिलान कराया जा रहा है। इस प्रकरण को जीआरपी को सौंप दिया गया है।-मनोज कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ)

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर उड़ाए 49 हजार

संबंधित समाचार