चालीस भाइयों की पहाड़ी…
कई साल पहले कश्मीर की ऊंची पहाड़ियों में एक धनी किसान रहता था, जिसका नाम द्रूस था। हालांकि उसके पास बहुत सारी भेड़ें और मवेशी थे, लेकिन वह और उसकी पत्नी दोनों दु:खी थे, क्योंकि उनके विवाह के बाद से बच्चे नहीं हुए थे। उनकी प्रार्थनाएं, संतों, पीरों और साधुओं की प्रार्थनाएं भी बेकार चली …
कई साल पहले कश्मीर की ऊंची पहाड़ियों में एक धनी किसान रहता था, जिसका नाम द्रूस था। हालांकि उसके पास बहुत सारी भेड़ें और मवेशी थे, लेकिन वह और उसकी पत्नी दोनों दु:खी थे, क्योंकि उनके विवाह के बाद से बच्चे नहीं हुए थे।
उनकी प्रार्थनाएं, संतों, पीरों और साधुओं की प्रार्थनाएं भी बेकार चली गई थीं, उनका कोई परिणाम नहीं निकला था। एक दिन सफ़र से थका हुआ एक पीर गांव में से होकर गुज़रा। वह श्रीनगर में बाग़ों और मेवे के उद्यानों के बीच आराम करने के रास्ते में था।
जब वह द्रूस के टेंट के पास से गुज़र रहा था, पीर ने आवाज़ लगाई,‘अल्लाह के नाम पर अपनी खैरात मुझे दे दो। मेरे पास न तो गोश्त है और न ही रोटी का टुकड़ा है।’
लेकिन द्रूस ने जवाब दिया,‘मैं अपनी ज़िंदगी के हर दिन दयालु रहा हूं; लेकिन अभी तक मुझे एक बेटे का वरदान नहीं मिला है, इसलिए मैं तुम्हें कुछ भी नहीं दूंगा।’
‘जिसे जन्नत ने मना कर दिया, उसे कौन मंजूर कर सकता है!’ पीर ने निढाल होते हुए कहा और दूसरे टेंट की तरफ़ चल दिया।
लेकिन पीर का युवा शिष्य, जो पीछे आ रहा था, ने आश्वस्त होकर अनुभव किया कि उसके पास दुःखी दंपती को संतुष्ट करने की शक्ति थी। उसने चालीस कंकर इकट्ठे करके बिना बच्चेवाली स्त्री की गोद में रख दिए और उसे आशीर्वाद दिया।
![]()
निर्धारित समय पर उस स्त्री ने पूरे चालीस बेटों को जन्म दिया-सबको एक ही समय में।
द्रूस बहुत परेशान और चिंतित हो गया। उसे विश्वास हो गया कि वह इतने सारे बच्चों को नहीं पाल सकेगा।
‘हम चालीस बच्चों के लिए रोटी नहीं जुटा सकते।’
वह अपनी पत्नी से बोला,‘इसलिए केवल एक चीज है, जो हम कर सकते हैं। अपनी पसंद के एक लड़के को रख लें और शेष उनतालीस लड़कों को जंगल में ले जाएं और उनको वहीं छोड़ दें। हमारी कठिन परिस्थिति से निकलने का और कोई रास्ता नहीं है।’
इसलिए एक को छोड़कर सभी बच्चे पहाड़ों पर ले जाए गए और भेड़ियों की दया पर वहीं छोड़ दिए गए। उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया गया था। लेकिन एक दिन पहाड़ियों में अपनी भेड़ों के झुंड को चराते हुए एक गड़रिए को एक हिरण का ख़ास व्यवहार उन चट्टानों और बोल्डरों की तरफ़ ले गया,
जिन्होंने एक कंदरा का मुख बंद कर रखा था। वहां उसने पाया कि बहुत बड़ी संख्या में बच्चे जंगली ट्यूलिपों के बीच में खेलते हुए इधर से उधर दौड़ रहे थे।
गड़रिया लड़का डर गया। ‘ये बच्चे कौन हो सकते हैं?’ उसने आश्चर्य से सोचा,‘ये इस निर्जन इलाक़े में कैसे आए? ‘
शाम को उसने अपने अनुभव के बारे में अपने पिता को बताया और वह ख़बर ऐसे फैली, जैसे उसे हवा ने फैलाया हो। अंततः यह बात द्रूस तक भी पहुंची। वह फ़ौरन समझ गया कि उस निर्जन क्षेत्र में खेलनेवाले बच्चे उसके अपने थे।

कई महीनों से वह पछता रहा था और दुःखी था, लेकिन अब वह ख़ुशी से झूम उठा। वह उस पहाड़ी की तरफ़ दौड़ा, जहां उन्हें देखा गया था। उसने वहां देखा कि वे नन्हे-नन्हे बच्चे जंगली जैतून और पिस्ता के पेड़ों के बीच छुपा-छुपी खेल रहे थे। सभी बच्चे एक-दूसरे से मिलते थे और बहुत सुंदर थे; लेकिन अजनबियों से शरमाते थे।
जब द्रूस उनसे बोला तो वे दौड़ गए और ख़ुद को गुफाओं में छुपा लिया। उसने एक दिन और एक रात उनका इंतज़ार किया, लेकिन वे अपने छुपने के स्थान से बाहर नहीं आए और वह भारी मन से अपने घर लौट आया।
उसकी पत्नी, जिसका दिल अपने खोए हुए बच्चों की चाह में दुःखी हो रहा था, ने एक अन्य पीर से सलाह ली, जिसने कहा,‘उनके भाई को ले जाओ, जिसे तुमने अपने पास रख लिया था। उसे लेकर उस पहाड़ी पर जाओ, जहां वे खेलते हैं। जब वहां पहुंचो तो उसे नीचे उतार देना और ख़ुद छुप जाना।’
ममता से अभिभूत मां ने ठीक वैसा ही किया, जैसा उससे कहा गया था और सच में वही हुआ, बच्चे उसके प्यारे बेटे के साथ खेलने के लिए बाहर निकल आए। नन्हे अजनबी और उसकी मधुर आवाज़ से आकर्षित होकर वे उसके पीछे-पीछे अपनी मां के पास आ गए, जिसने उन्हें गले से लगाया और उन्हें मिठाइयां दीं और जल्दी ही बिना किसी कठिनाई के वह उन्हें उनके घर लाने में सफल हो गई।
द्रूस बच्चों को वापस पाकर इतना ख़ुश था कि उसने ग़रीबों को उपहार और भोजन बांटा और गांव में संगीत तथा भोज का आयोजन हुआ। उसने सभी चालीस बच्चों को नमाज अदा करना और पवित्र किताबें पढ़ना सिखाया। लेकिन अल्लाह का फ़रमान यह था कि देवदूत अजराइल एक ही समय में चालीसों की सांसें ले ले।
सारे चालीस बच्चे, अचानक, एक ही दिन मर गए।
पूरे गांव में मातम छा गया और लगातार तीन दिन और तीन रात तक दुआएं की गई। अंतिम संस्कार में भाग लेने आए अनेक मित्रों के लिए भोजन तैयार किया गया।
उसके बाद चालीस भाइयों को उस पहाड़ी पर ले जाया गया, जहां वे पाए गए थे और सुनसान क्षेत्र में, उसी पहाड़ी पर उन्हें दफ़ना दिया गया, जहां वे जंगली ट्यूलिपों के बीच खेलते थे।
और आज के दिन तक बच्चे अभी भी रहस्यमय पर्वत पर घूमते हैं, जिसे ‘कुह चेहल तान’, ‘चालीस भाइयों की पहाड़ी’ के नाम से जाना जाता है।
*रस्किन बॉन्ड*
