Madhuri Dixit मना रहीं अपना 55वां Birthday, जानें एक्ट्रेस का फिल्मी सफर
मुंबई। बॉलीवुड की धक-धक क्वीन एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित आज 55 साल की हो गयी। उनका जन्म 15 मई 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में माइक्राबॉयलोजिस्ट बनने के लिये दाखिला ले लिया। इस बीच उन्होंने लगभग आठ …
मुंबई। बॉलीवुड की धक-धक क्वीन एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित आज 55 साल की हो गयी। उनका जन्म 15 मई 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में माइक्राबॉयलोजिस्ट बनने के लिये दाखिला ले लिया। इस बीच उन्होंने लगभग आठ साल तक कथक नृत्य की शिक्षा भी हासिल की।
उन्होंने अपने सिने कैरियर की शुरूआत 1984 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म ‘अबोध’ से की लेकिन कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिट गई।
फिल्म ‘तेजाब’ से चमका उनका करियर
एक्ट्रेस की किस्मत का सितारा वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म ‘तेजाब’ से चमका। फिल्म में माधुरी ने अनिल कपूर की प्रेयसी की भूमिका निभायी थी। फिल्म में उनपर फिल्माया यह गीत एक दो तीन उन दिनों श्रोताओ के बीच छा गया था। फिल्म की सफलता के बाद माधुरी दीक्षित फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सही पहचान पाने में कुछ हद तक कामयाब हो गयी।
साल 1990 में माधुरी के सिने करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म दिल प्रदर्शित हुयी। फिल्म में एक्ट्रेस और आमिर खान की जोड़ी को सिने दर्शको ने काफी पसंद किया। इस फिल्म के लिए माधुरी दीक्षित को अपने सिने करियर का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ।
साल 1991 माधुरी दीक्षित के सिने करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनके अभिनय के नये रंग दर्शको को देखने को मिले। इस वर्ष उनकी 100 डेज,साजन,प्रहार,जैसी फिल्में प्रदर्शित हुयी। इन फिल्मों की सफलता के बाद माधुरी दीक्षित शोहरत की बुंलदियों पर जा पहुंची । वर्ष 1992 में माधुरी दीक्षित की एक और अहम फिल्म फिल्म बेटा प्रदर्शित हुयी।
फिल्म ‘हम आपके है कौन’ रही हिट फिल्मों की लिस्ट में शामिल
साल 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म ‘हम आपके है कौन’ माधुरी की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ काफी पसंद की गयी। इस फिल्म में उनपर फिल्माया गाना ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। फिल्म ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये और आल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गयी।
2002 में माधुरी को शरत चंद्र के मशहूर उपन्यास ‘देवदास’ पर बनी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। संजय लीला भंसाली की इसी नाम से बनी फिल्म में चन्द्रमुखीके अपने किरदार से माधुरी ने दर्शको का दिल जीत लिया और अपने दमदार अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गयी।
2008 में में उन्हें पदभूषण से सम्मानित किया गया
एक्ट्रेस के सिने कैरियर में उनकी पेयरिंग एक्टर अनिल कपूर के साथ काफी पसंद की गयी। माधुरी को पांच बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए 2008 में उन्हें पदभूषण से अलंकृत किया गया।
साल 2002 में प्रदर्शित फिल्म ‘हम तुम्हारे है सनम’ के बाद एक्ट्रेस ने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया और वैवाहिक जीवन बिताने लगी। वर्ष 2007 में फिल्म ‘आजा नच ले’ के जरिये उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सिने कैरियर की दूसरी पारी शुरू की।
साल 2013 में इंडस्ट्री में कमबैक किया
माधुरी ने साल 2013 में प्रदर्शित फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ से इंडस्ट्री में कमबैक किया है। इसके बाद माधुरी ने डेढ़ इश्किया, गुलाब गैंग, मराठी फिल्म बकेट लिस्ट,कलंक और टोटल धमाल में काम किया है।
पढ़ें-‘खिलाड़ी कुमार’ फिर कोरोना वायरस से हुए संक्रमित, अक्षय ने खुद ट्वीट कर दी जानकारी
