IPL 2022 : राहुल त्रिपाठी के मुरीद हुए रवि शास्त्री, कहा- टीम इंडिया की जर्सी के हैं हकदार
मुम्बई। रवि शास्त्री और डेनियल विटोरी के मुताबिक सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी भारतीय टीम से अधिक दूर नहीं हैं। वह नंबर तीन और चार पर एक बैक-अप विकल्प हो सकते हैं। राहुल ने आईपीएल के इस सीजन में 13 पारियों में 39 के औसत से 393 रन बनाए हैं और वह नंबर तीन …
मुम्बई। रवि शास्त्री और डेनियल विटोरी के मुताबिक सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी भारतीय टीम से अधिक दूर नहीं हैं। वह नंबर तीन और चार पर एक बैक-अप विकल्प हो सकते हैं। राहुल ने आईपीएल के इस सीजन में 13 पारियों में 39 के औसत से 393 रन बनाए हैं और वह नंबर तीन पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं।
शास्त्री ने कहा, ”वह भारतीय टीम की जर्सी से अब अधिक दूर नहीं है। अगर किसी भी खिलाड़ी का फ़ॉर्म ख़राब रहता है या कोई चोटिल होता है, तो वह नंबर तीन या नंबर चार के लिए एक शानदार विकल्प हैं। उन्हें सीधे टीम में शामिल किया जा सकता है। अगर वह सीज़न दर सीज़न अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं तो उन्हें उसका फल ज़रूर मिलना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, ”वह एक ख़तरनाक खिलाड़ी हैं और निर्भीक होकर अपने शॉट खेलते हैं। उनकी शॉट चयन प्रक्रिया बेहतरीन है। वह गेंदबाज़ों को भी जल्दी पढ़ लेते हैं और फिर किसी भी लेंथ पर मनचाहा शॉट खेलते हैं। उनके पास हर गेंद के लिए प्लान ए और प्लान बी दोनों होता है।”
डेनियल विटोरी ने भी राहुल की तारीफ करते हुए कहा, ”मुंबई के ख़िलाफ़ मंगलवार को खेली गई पारी उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी थी। वह बुमराह जैसे स्किल गेंदबाज़ के ख़िलाफ़ बिल्कुल सहजता से शॉट लगा रहे थे। बुमराह ने उन पर शॉर्ट गेंदें फेंकी, स्लोअर किया, यॉर्कर भी डाला लेकिन राहुल ने सबको बाउंड्री पार भेजा। वह किसी भी समय दबाव में नहीं दिखें। वह पहले ही गेंद से शॉट लगाने को तैयार थे। वह किसी भी गेंदबाज़ को स्थिर नहीं होने देते और उनकी अच्छी गेंदों को भी सबक सिखाते हैं।”
ये भी पढ़ें : FIH हॉकी पांच ए-साइड के लिए टीम इंडिया घोषित, डिफेंडर गुरिंदर सिंह को सौंपी कमान, पांच देश होंगे शामिल
