बरेली: सदर पशु चिकित्सालय में तीन साल से डाक्टर नहीं
अमृत विचार, बरेली। पशु चिकित्सालयों की हालत अच्छी नहीं है।डॉक्टरों की कमी से पशुपालकों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सदर पशु चिकित्सालय में तीन साल से डॉक्टर नहीं हैं। फार्मासिस्ट के भरोसे पशुओं का इलाज किया जा रहा है। यहां जो एम्बुलेंस थीं, वे अब कबाड़ के रूप में परिसर में खड़ी हैं। डाक्टरों …
अमृत विचार, बरेली। पशु चिकित्सालयों की हालत अच्छी नहीं है।डॉक्टरों की कमी से पशुपालकों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सदर पशु चिकित्सालय में तीन साल से डॉक्टर नहीं हैं। फार्मासिस्ट के भरोसे पशुओं का इलाज किया जा रहा है। यहां जो एम्बुलेंस थीं, वे अब कबाड़ के रूप में परिसर में खड़ी हैं। डाक्टरों की तैनाती कराए जाने के लिए कई बार शासन स्तर पर पत्राचार किया, लेकिन डाक्टरों की तैनाती नहीं हुई।
एक तरफ सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है। वहीं दूसरी तरफ पशुओं के इलाज के लिए पशु अस्पतालों में डॉक्टर ही नहीं हैं। डॉक्टरों की कमी से पशुओं का इलाज प्रभावित हो रहा है। उसमें भी तब जब सरकार पशुओं को निरोग रखने के लिए हर वर्ष भारी-भरकम राशि खर्च करती है। जिले में पशु चिकित्सक के 37 पद स्वीकृत हैं, जिसके सापेक्ष 32 चिकित्सक ही हैं। साथ ही जिले के पशु चिकित्सालय दवा की कमी से जूझ रहे हैं। इसके अलावा कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा भी पशुपालकों को सही ढंग से नहीं मिल पाती है। पशुओं को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
सदर पशु चिकित्सालय में कोई भी पशु चिकित्सक नहीं है। फार्मासिस्ट के सहारे चिकित्सालय संचालित हो रहा है। इसके अलावा अक्सर दवाइयों का भी टोटा रहता है। बुधवार को जब अमृत विचार की टीम जमीनी हकीकत जानने पहुंची तो चिकित्सक न होने की वजह से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बीमार पशु को इंजेक्शन लगाता नजर आया। फार्मासिस्ट कमल खंडेलवाल ने बताया कि डिप्टी सीवीओ डा. निरंकार सिंह के पास चार्ज है। तीन साल से यहां पर किसी भी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। यहां पर कबाड़ की तरह तीन-चार एंबुलेंस खड़ी हैं।
डा. ललित कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी-
पशु चिकित्सालयों में चिकित्सकों की कमी की जानकारी है। इस संबंध में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिलाया है कि जिले के पशु चिकित्सालय में कोई भी पद रिक्त नहीं रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: नवंबर में त्रिवार्षिक राज्य सम्मेलन का होगा आयोजन
