संभल: भाजपा नेता ने नायब तहसीलदार को पीटा, दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संभल, अमृत विचार। बकाया वसूलने गये नायब तहसीलदार के साथ बकायेदार के भाई भाजपा के नेता और बीडीसी सदस्य ने पहले फोन पर धमकाने का प्रयास किया। नहीं मानने पर मौके पर पहुंचे और भीड़ के साथ मिलकर बकायेदार को ले जा रहे नायब से मारपीट की। नायब तहसीलदार ने भाजपा नेता समेत दो के …
संभल, अमृत विचार। बकाया वसूलने गये नायब तहसीलदार के साथ बकायेदार के भाई भाजपा के नेता और बीडीसी सदस्य ने पहले फोन पर धमकाने का प्रयास किया। नहीं मानने पर मौके पर पहुंचे और भीड़ के साथ मिलकर बकायेदार को ले जा रहे नायब से मारपीट की। नायब तहसीलदार ने भाजपा नेता समेत दो के खिलाफ गढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव सेंदरी बटुआ निवासी रक्षपाल पुत्र साधु सिंह ने काफी समय पहले बैंक से कर्ज लिया था। समय रहते कर्ज न चुकता करने पर कर्ज की धनराशि 10 लाख रुपये हो गई, जिसकी बैंक ने तहसील को रिकवरी के लिए आर सी जारी कर तहसील भेज दी थी। 31 मई को सुबह नौ बजे तहसीलदार के आदेशानुसार, नायब तहसीलदार दीपक कुमार बैंक रिकवरी को लेकर बकायेदार रक्षपाल के घर पहुंच गए। उन्होंने रक्षपाल को बुलाया लगाई।
उसी वक्त नायब के फोन पर रक्षपाल के भाई सुदेश पाल का फोन आया, जिसमें वह नायब तहसीलदार को हड़काते स्वर में कहने लगा कि तुम्हें तहसील में रहना है या नहीं, इस धमकी का नायब तहसीलदार पर कोई असर नहीं हुआ और नायब तहसीलदार को रक्षपाल को साथ लेकर गांव से कुछ ही दूर निकाल पाया था। तभी पीछे से भीड़ के साथ सुदेश पाल ने आकर नायब तहसीलदार को घेर लिया और मारपीट करके और रक्षपाल को छुड़ा ले गए।
वहां से नायब तहसीलदार को खाली हाथ वापस आना पड़ा। नायब तहसीलदार ने हजरत नगर गढ़ी थाना प्रभारी को सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट करने और जाने से मारने की धमकी देने के आरोप में रक्षपाल और उसके भाई सुदेश पाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने नायब तहसीलदार की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों की तलाश में जगह जबह दबिश दे रही है – रामवीर सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक हजरत नगर गढ़ी
