बरेली: गोवंशों का अंतिम संस्कार न कराने पर मीरगंज ईओ पर कार्रवाई
बरेली/मीरगंज, अमृत विचार। मृ़त गोवंशों को ट्रैक्टर-ट्राली से ले जाने और गोबर के ढेरों पर फेंकने के मामले में नगर पालिका मीरगंज के ईओ प्रदीप कुमार प्रारंभिक जांच में दोषी करार दिए गए। एसडीएम की रिपोर्ट पर डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने तत्काल प्रभाव से ईओ मीरगंज पद से हटाते हुए कलेक्ट्रेट …
बरेली/मीरगंज, अमृत विचार। मृ़त गोवंशों को ट्रैक्टर-ट्राली से ले जाने और गोबर के ढेरों पर फेंकने के मामले में नगर पालिका मीरगंज के ईओ प्रदीप कुमार प्रारंभिक जांच में दोषी करार दिए गए। एसडीएम की रिपोर्ट पर डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने तत्काल प्रभाव से ईओ मीरगंज पद से हटाते हुए कलेक्ट्रेट संबद्ध कर दिया। इसके साथ ही ईओ को निलंबित करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट नगर विकास निदेशक को भेजी गई है।
मामले में ईओ के विरुद्ध विभागीय जांच भी कराई जा रही है। एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने बताया कि पूरे मामले में ईओ की लापरवाही सामने आई है। मृत गाेवंशों को गोबर के ढेर पर फेंकना अमानवीय है। मृत गोंवशों का नियमों के अनुसार अंतिम संस्कार करना चाहिए था। मीरगंज की गोशाला का निरीक्षण भी किया गया। कुछ गोवंश बीमार मिले हैं, उनका इलाज कराया जा रहा है। इस घटना के बाद जिलेभर के नगर पालिका और नगर पंचायत के ईओ को निर्देश दिए गए हैं कि मृत गोवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया जाए। मीरगंज जैसी घटना की पुनरावृत्ति होने पर सख्त कार्रवाई होगी।
गुरुवार की शाम वायरल वीडियो हुआ, जिसमें मृत गोवंशों को अमानवीय ढंग से ले जाने और गोबर के ढेरों पर फेंके जाना साफ दिख रहा था। वीडियो नवागत मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी तक पहुंचा। उन्होंने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। एडीएम (ई) के निर्देश पर एसडीएम वेदप्रकाश मिश्रा, तहसीलदार रश्मि कुमारी, सीओ राजकुमार मिश्रा, पशु चिकित्सक फतेहगंज पश्चिमी डॉ अनिल भास्कर व कोतवाल संदीप त्यागी ने उसी रात में ही मौके पर जाकर जांच की।
शुक्रवार को भी जांच की गई। इसमें प्रथम दृष्टया गोवंश के अंतिम संस्कार के प्रोटोकाल का उल्लंघन पाया गया। ईओ के विरुद्ध नगर विकास निदेशक को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ईओ बिशारतगंज को मीरगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। इधर शुक्रवार की रात में ईओ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। शनिवार को पूरा दिन ईओ दफ्तर नहीं पहुंचे। हालांकि द्वितीय शनिवार भी था।
ये भी पढ़ें- बरेली: चार साल से किसानों को नहीं मिला मुआवजा, आमरण अनशन की चेतावनी
