अयोध्या: बड़े बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने शुरू किया अभियान, अलका टावर पर लाखों बकाए की नोटिस चस्पा
अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत कर विभाग की टीमों ने नगर में बड़े बकायेदारों को नोटिस थमानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को रिकाबगंज स्थित मार्केट अलका टावर पर करीब 23 लाख के बकाए की नोटिस चस्पा की है। निगम की ओर से बकाए …
अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत कर विभाग की टीमों ने नगर में बड़े बकायेदारों को नोटिस थमानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को रिकाबगंज स्थित मार्केट अलका टावर पर करीब 23 लाख के बकाए की नोटिस चस्पा की है। निगम की ओर से बकाए को लेकर शुरू किए गए अभियान को लेकर बकायेदारों में हडकंप मचा हुआ है। हालांकि निगम ने छोटे बकायेदारों को राहत दी है कि वे आनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
कर निर्धारण अधिकारी सुदर्शन चंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि बड़े बकायेदारों को चिह्नित किया जा रहा है। पहले चरण में जिन्हें चिह्नित किया गया है उनके यहां नोटिस चस्पा की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसा जा रहा है। यदि निर्धारित समय में बकाया नहीं जमा किया गया तो आरसी जारी की जायेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के कर विभाग की टीम द्वारा नगर क्षेत्र के वे भवन जो कई वर्षों से नगर निगम के गृहकर व जलकर का भुगतान नहीं किए हैं उनके प्रतिष्ठानों व भवनों पर नोटिस चस्पा की गई।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अलका टावर के भवन स्वामी पर उनके कुल बकाया 23 लाख 14 हजार 478 रुपये की नोटिस चस्पा की गई। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र के छह अन्य बड़े बकायेदारों के प्रतिष्ठानों और भवनों पर बकाया धनराशि की नोटिस चस्पा की गई। निगम की ओर से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पढ़ें-लखनऊ : नोटिस चस्पा करने पहुंची नगर निगम की टीम, जमकर हुई मारपीट
