अयोध्या: दलित उत्पीड़न मामले में कृषि विवि के प्रोफेसर व शोध छात्र पर केस दर्ज
अमृत विचार, अयोध्या। कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि व प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी नियोगी, एक शोध छात्र व चार अज्ञात के खिलाफ थानाध्यक्ष कुमारगंज ने मारपीट व दलित उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। विश्वविद्यालय के कालिंदी छात्रावास के मेस में काम करने वाले सिधौना निवासी दलित …
अमृत विचार, अयोध्या। कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि व प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी नियोगी, एक शोध छात्र व चार अज्ञात के खिलाफ थानाध्यक्ष कुमारगंज ने मारपीट व दलित उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
विश्वविद्यालय के कालिंदी छात्रावास के मेस में काम करने वाले सिधौना निवासी दलित युवक संतोष कुमार को बीते 14 अप्रैल की रात शराब के नशे में धुत छात्र हेमंत सिंह ने अपने तीन अन्य अज्ञात साथियों के साथ खाना खाने के दौरान पीट दिया था। पिटाई से संतोष के नाक और सिर पर गंभीर चोट आई थी। विश्वविद्यालय कर्मियों ने घायल संतोष को 100 शैय्या चिकित्सालय पिठला पहुंचाया था।
पीड़ित युवक का आरोप था कि मामला अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ डी नियोगी के पास पहुंचने पर उन्होंने भी उससे बदसलूकी की थी और अपने कार्यालय से भगा दिया था। पीड़ित युवक ने स्थानीय थाना कुमारगंज में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने विश्वविद्यालय कर्मियों के प्रभाव में आकर कोई भी कार्रवाई नहीं की थी।
जिसके बाद पीड़ित दलित युवक ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जहां उसकी शिकायत सुनने के उपरांत विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट अमित कुमार पांडे ने मामले में केस दर्ज करने का आदेश थानाध्यक्ष को दिया।
न्यायालय के आदेश के बावजूद भी थाना अध्यक्ष कुमारगंज मामले में टालमटोल करते रहे और पखवारे बाद आखिरकार उन्हें मुकदमा दर्ज करना पड़ गया। थानाध्यक्ष वीर सिंह ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी नियोगी व शोध छात्र हेमंत सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
