मुरादाबाद : काशीपुर पुलिस चौकी से महज एक किमी दूर दिनदहाड़े लूट
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के कारोबारी को गोली मारकर दिनदहाड़े लूटपाट से शहर में दहशत है। बदमाशों का दुस्साहस पुलिस की सक्रियता ही नहीं, बल्कि जिले की कानून व्यवस्था के बेपटरी होने की पुष्टि करता है। ऐसे हालात तब हैं, जब अपराध व अपराधियों से पार पाने में पुलिस को खुली छूट है। छह माह में …
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के कारोबारी को गोली मारकर दिनदहाड़े लूटपाट से शहर में दहशत है। बदमाशों का दुस्साहस पुलिस की सक्रियता ही नहीं, बल्कि जिले की कानून व्यवस्था के बेपटरी होने की पुष्टि करता है। ऐसे हालात तब हैं, जब अपराध व अपराधियों से पार पाने में पुलिस को खुली छूट है। छह माह में तीन कारोबारियों पर फायर झोंककर उनसे लूट की घटनाएं संकेत देती हैं कि पुलिस की पूरी प्लानिंग पर बदमाशों का दुस्साहस भारी पड़ रहा है। रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के बुर्का कारोबारी मो. दानिश से लूटपाट की घटना पर गौर करें। बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात शहर की सीमा में अंजाम दिया।
घटनास्थल कटघर थाने की काशीपुर दोराहा चौकी से महज एक किमी दूर है। लूटपाट के बाद बाइक सवार बदमाश सुरक्षित भाग निकले। कटघर, भोजपुर व मूंढापांडे पुलिस की नाकेबंदी के बावजूद बदमाश कानून की आंख से ओझल होने में सफल रहे। सरेराह वारदात अंजाम देने के बाद बदमाशों का सुरक्षित भाग निकलना पुलिस की प्लानिंग व उसकी सक्रियता पर सवाल खड़ा करती है। बहरहाल, पुलिस की उम्मीद की एक मात्र किरण रामपुर बाइपास पर लगे सीसीटीवी कैमरे हैं।
बदमाशों की शिनाख्त व उन तक पहुंचने के प्रयास में कटघर सीओ अनूप कुमार व थाना प्रभारी आरपी शर्मा दलबल के साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल करते रहे। सूर्यांशल पब्लिक स्कूल के निकट एक निर्यात फर्म के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को पुलिस ने खंगाला। कटघर पुलिस देर रात तक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की पड़ताल करती रही।
कारोबारी मो. दानिश के दावे और घटना के तौर तरीके में विरोधाभास से उलझी पुलिस
दानिश के दावे व घटना के तरीके में विरोधाभास के कारण पुलिस की जांच शुरू होते ही उलझ गई। दानिश के अनुसार रामपुर से ही पीछा कर रहे हमलावरों ने वारदात से ठीक पहले नाम लेकर उनको रोकने की कोशिश की। इससे साफ है कि हमलावर उसे पहचाते हैं। दानिश 73 हजार रुपये की लूट का दावा कर रहा है। ऐसे में लुटेरों को पता था कि दानिश के पास मोटी रकम है। सवाल है कि बदमाशों की असल मंशा क्या रही? यदि वह लूटपाट करना चाहते थे तो दानिश को गोली क्यों मारी?
10 मई को बाइक सवार को मारी थी गोली
कटघर का रामपुर बाइपास रोड क्राइम प्वाइंट बन चुका है। 14 माह पहले बदमाशों ने रामपुर बाइपास प्रापर्टी डीलर की जान ले ली। 10 मई को कटघर के ग्राम सिरसा इनायतपुर दौड़बाग निवासी रमजानी नाबालिग भतीजे सरताज के साथ बाइक पर सवार होकर रामपुर से घर लौट रहा था। दोपहर एक बजे तीन बाइक पर सवार छह हमलावरों ने रमजानी के बाइक रोकते ही उनको गोली मार दी गई। हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले।
दोनों तरफ पिकेट, फिर भी फरार हो गए लुटेरे
रामपुर बाइपास रोड के दोनों छोर पर पुलिस की पिकेट लगती है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि बदमाश आखिरकार कैसे फरार हो गए। गौर करें कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित दलपतपुर जीरो प्वाइंट संवेदनशील माना जाता है। अनहोनी की आशंकाओं के कारण मूंढापांडे पुलिस ने जीरो प्वाइंट को पुलिस पिकेट बनाया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : रामपुर के कपड़ा कारोबारी को गोली मारकर बदमाशों ने 73 हजार रुपये लूटे, हालत नाजुक
