मुरादाबाद: हरिद्वार हाईवे पर धू-धू कर जली कार, अफरातफरी से सड़क जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हरिद्वार हाईवे पर शुक्रवार को एक कार धू-धू कर जल गई। महानगर के बीचोंबीच हुए हादसे की सूचना तत्काल फायर स्टेशन को दी गई। एसएसपी आवास से चंद कदम दूर घटनास्थल तक पहुंचने में दमकल वाहन को महज चार मिनट लगे। दमकलकर्मियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। कार …

मुरादाबाद, अमृत विचार। हरिद्वार हाईवे पर शुक्रवार को एक कार धू-धू कर जल गई। महानगर के बीचोंबीच हुए हादसे की सूचना तत्काल फायर स्टेशन को दी गई। एसएसपी आवास से चंद कदम दूर घटनास्थल तक पहुंचने में दमकल वाहन को महज चार मिनट लगे। दमकलकर्मियों ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। कार के सरेराह धू-धू जलने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। एक घंटे तक मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। कुछ देर तक वाहनों का रूट भी डायवर्ट करना पड़ा।

  • चार मिनट में मौके पर पहुंचे दमकल वाहन ने आग पर पाया काबू
  • एसएसपी आवास के पास हाईवे की पटरी पर खड़ी थी कार

छजलैट थाना क्षेत्र के अंधियारी गांव का अंकुश कुमार पुत्र ब्रजपाल सीआरपीएफ का जवान है। वह इस वक्त छुट्टी पर घर लौटा है। शुक्रवार को वह मां व पत्नी के साथ कार में सवार होकर मुरादाबाद पहुंचा। अंकुश ने पुलिस को बताया कि वह सपरिवार कटघर स्थित प्रेम वंडर लैंड जा रहा था। कार सवार पीलीकोठी चौराहे से आगे बढ़कर एसएसपी आवास के पास पहुंचे थे, तभी हरिद्वार हाईवे की पटरी पर उन्होंने कार रोकी। फिर वह कार को चलती हालत में छोड़ नीचे उतरा। मां व पत्नी को कुछ देर में लौटने का भरोसा देकर वह एटीएम की तलाश में निकला।

कुछ देर बीते थे कि कार में सवार दोनों महिलाओं के होश फाख्ता हो गए। कार के इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। यह देख महिलाएं चीख-पुकार करते हुए कार से नीचे उतरीं। दोनों ने भाग कर जान बचाई। कार से आग की लपटें उठती देख राहगीरों में भी अफरातफरी मच गई। एसएसपी आवास के आसपास तैनात पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी तत्काल फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम को दी। कार में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट -सर्किट का अनुमान है। सिविल लाइंस पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है।

यातायात का रूट डायवर्ट करना पड़ा

थाना प्रभारी सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। कार में आग लगने से हरिद्वार हाईवे व पीलीकोठी चौराहे के आसपास करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। आवागमन सामान्य बनाए रखने में पुलिस को पसीने छूट गए। यातायात का रूट डायवर्ट करना पड़ा। एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो सका।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सरकार ने बढ़ाया प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का दायरा

संबंधित समाचार