सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के बहुरेंगे दिन, तीन माह में शुरू होगी ओपीडी…डीएम व विधायक ने किया निरीक्षण
अयोध्या। विगत कई वर्षों से बंद पड़े सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के दिन फिर से बहुरेंगे। इसको फिर से संचालित करने के लिए चिकित्सालय भवन को आवश्यकतानुसार मरम्मत कराकर रंगाई- पुताई करने व बाउंड्री वाल बनाने में आने वाले खर्चे का आकलन कर शीघ्र स्टीमेट प्रस्तुत करने के लिए डीएम नितीश कुमार ने सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी …
अयोध्या। विगत कई वर्षों से बंद पड़े सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के दिन फिर से बहुरेंगे। इसको फिर से संचालित करने के लिए चिकित्सालय भवन को आवश्यकतानुसार मरम्मत कराकर रंगाई- पुताई करने व बाउंड्री वाल बनाने में आने वाले खर्चे का आकलन कर शीघ्र स्टीमेट प्रस्तुत करने के लिए डीएम नितीश कुमार ने सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को रिटायर्ड व इच्छुक अच्छे चिकित्सकों व चिकित्सा स्टाफ का पैनल बनाने के निर्देश दिए, जिससे शीघ्र अति शीघ्र ही चिकित्सालय में ओपीडी की सुविधा प्रारंभ की जा सके।
डीएम नितीश कुमार व विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय राजा व सीतापुर नेत्र चिकित्सालय ट्रस्ट के सदस्यों के साथ सीतापुर नेत्र चिकित्सालय को पुनर्जीवित कर पुन: संचालित करने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इसके बाद नियावां-अयोध्या रोड पर पड़ने वाले चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि नेत्र चिकित्सालय के पुन: संचालन हो जाने से जनपद में जरूरतमंदों को बेहतरीन चिकित्सीय सुविधाओं को प्राप्त करने का एक और सुगम स्थान प्राप्त हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर निगम को संपूर्ण चिकित्सालय परिसर को शीघ्र ही साफ-सुथरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 2 से 3 माह में चिकित्सालय में ओपीडी सुविधाएं प्रारंभ किए जाने का प्रयास है। चिकित्सालय में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा सस्ते दरों पर बेहतर चिकित्सीय सुबिधायें सुगमता के साथ उपलब्ध हो सकेंगी। चिकित्सालय के नियमित संचालन के हेतु आय के संसाधनों यथा विज्ञापन बोर्डों, एलइडी स्क्रीन व चिकित्सालय परिसर में बनाई गई दुकानों के माध्यम से भी आय समुचित व्यवस्था करने हेतु नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय के निदेशक ने 107 मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन कर रचा कीर्तिमान
