बुलंदशहर: पीएसी आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का दीक्षांत समारोह सम्पन्न
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर में प्रशिक्षण ले रहे पीएसी के 209 रिक्रूट आरिक्षयों की मंगलवार को पासिंग आउट परेड का दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सिंह ने बताया कि रिजर्व पुलिस लाईन बुलंदशहर में पीएसी आरक्षी पद का आधारभूत प्रशिक्षण ग्रहण किए जाने के लिये इस साल 12 जनवरी को 209 …
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर में प्रशिक्षण ले रहे पीएसी के 209 रिक्रूट आरिक्षयों की मंगलवार को पासिंग आउट परेड का दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सिंह ने बताया कि रिजर्व पुलिस लाईन बुलंदशहर में पीएसी आरक्षी पद का आधारभूत प्रशिक्षण ग्रहण किए जाने के लिये इस साल 12 जनवरी को 209 रिक्रूट आरक्षियों को 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ से जनपद बुलन्दशहर रिजर्व पुलिस लाइन में भेजा गया था।
रिजर्व पुलिस लाईन में इन आरक्षियो की पासिंग आउट परेड के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि सिंह ने परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। परेड के निरीक्षण के उपरान्त मार्च पास्ट एवं विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विशिष्ट रिक्रूट आरक्षी मोहित कुमार, मोहित सिरोही, लोकेश यादव, रवि राणा, सावेज, भारत, रुपक सहारण, आदित्य कुमार, मोनित, विशाल दलाल को सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
रिक्रूट आरक्षी हिमांशु शर्मा को सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया एवं प्रथम परेड कमाण्डर रिक्रूट आरक्षी दिग्विजय धामा, द्वितीय परेड कमाण्डर रिक्रूट आरक्षी आनन्द कुमार व तृतीय परेड कमाण्डर रिक्रूट आरक्षी आदित्य कुमार को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। सिंह ने अपने संबोधन में रंगरूटों से निष्ठा व ईमानदारी एवं सतर्कता से ड्यूटी करने का आह्वान करते हुए उन्हें भारतीय संविधान व कानून का पालन करने व कराने की भी शपथ दिलायी। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिले के आला पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद: यूपी को मिले 65 डीएसपी और 85 आरक्षी, डीजी ट्रेनिंग ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी
